Last Updated:
सरकार ने 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाया है. यह बैठक 3 दिसंबर तक चल सकती है. इस सत्र में सरकार नारी शक्ति और परिसीमन से जुड़े 2 अहम बिल पेश करने की तैयारी में है. एनडीए का दावा है कि उसके पास जरूरी नंबर हैं. अगर सरकार का यह दांव सही बैठा तो विपक्ष की एकजुटता और 2027 की राजनीति पर बड़ा असर पड़ सकता है.
संविधान दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर संसद परिसर में संविधान की प्रति को नमन करते पीएम मोदी. (PTI Photo)
नई दिल्ली: नवंबर के आखिर में जब मौसमी पारा गिरने लगा है, तो सियासी पारा चढ़ने को है. केंद्र सरकार ने 30 नवंबर 2026 को लोकसभा और 2 दिसंबर 2026 को राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाने का फैसला लिया है. कामकाज की जरूरत को देखते हुए दोनों सदनों की यह बैठक 3 दिसंबर तक चल सकती है. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस शेड्यूल की जानकारी दी है. सरकार इस विशेष सत्र में नारी शक्ति और परिसीमन से जुड़े 2 अहम बिल लाने की तैयारी में है. एनडीए का दावा है कि उसके पास जरूरी नंबर हैं. आमतौर पर संसद का शीतकालीन सत्र नवंबर के आखिरी हफ्ते या दिसंबर की शुरुआत में शुरू होता है. इस बार शीतकालीन सत्र से ठीक पहले अलग-अलग तारीखों पर दोनों सदनों को बुलाने से सियासी गलियारों में हलचल बढ़ गई है.
टीम मोदी के इस दांव से क्या राजनीतिक संकेत निकलते हैं?
- ब्रांड मोदी की सियासी पकड़ अब भी मजबूत – एनडीए से बाहर के क्षेत्रीय दल भी इस अहम विधायी कवायद पर सरकार से संवाद करने को तैयार दिख रहे हैं.
- विपक्षी राजनीति पर कमजोर होती कांग्रेस की पकड़ – एंटी-एनडीए राजनीति की धुरी बनने की कोशिश कर रही पार्टी के सामने विपक्षी नेतृत्व बचाने की एक और चुनौती आ गई है.
- गठबंधन धर्म से ऊपर क्षेत्रीय दलों का सियासी नफा-नुकसान – एनडीए के साथ सीधे बातचीत करने की उनकी इच्छा बताती है कि विपक्ष की एकजुटता किसी साझा राजनीतिक रणनीति में नहीं बदल पा रही है.
- 2027 के विधानचुनाव से पहले नए सियासी समीकरणों के संकेत – विधायी सहयोग का मतलब तुरंत चुनावी गठबंधन नहीं होता, लेकिन बनते हुए ये नए समीकरण मौजूदा बिलों से कहीं आगे तक असर डाल सकते हैं.
- सियासी पहल वापस लेने की ताक में टीम मोदी – जुलाई के सीजेपी आंदोलन से बनी सुस्ती की धारणा के बाद अब एनडीए एक बड़ी विधायी सफलता हासिल करने के लिए आश्वस्त दिख रहा है.
- विपक्ष के लिए सियासी परीक्षा बना विधायी टेस्ट – सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन को ऐसे मुद्दों की तरह पेश कर रही है जहां हर दल को प्रतिबद्धता दिखानी होगी, जिससे कांग्रेस खेमा बैकफुट पर आ सकता है.
जुलाई के झटके के बाद टीम मोदी ने सियासी बाजी कैसे पलट दी?
नारी शक्ति और परिसीमन बिल से विपक्ष की दुविधा क्यों बढ़ने वाली है?
सरकार ने संसद के एक सामान्य विधायी परीक्षण को विपक्ष के लिए एक कठिन राजनीतिक परीक्षा में बदल दिया है. महिला आरक्षण से जुड़े नारी शक्ति बिल और परिसीमन बिल ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर कोई भी दल खुलकर विरोध का जोखिम नहीं उठा सकता. मोदी सरकार इन दोनों विषयों को इस तरह पेश कर रही है कि हर पार्टी को अपनी प्रतिबद्धता साबित करनी होगी.
इस रणनीति ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को रक्षात्मक मुद्रा में ला खड़ा किया है. अगर विपक्षी दल इन बिलों का समर्थन करते हैं, तो इसका सीधा सियासी श्रेय सरकार को मिलेगा. दूसरी तरफ विरोध करने पर जनता के बीच गलत संदेश जाने का खतरा रहेगा. अब सबकी निगाहें 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की कार्यवाही पर टिकी हैं.
About the Author
दीपक वर्मा की गिनती डिजिटल मीडिया के सबसे तेज और उभरते हुए चेहरों में होती है. वह न्यूज18 हिंदी के साथ डिप्टी न्यूज एडिटर के तौर पर जुड़े हैं. दीपक ने अपने करियर में कई बड़े मुकाम हासिल किए हैं…