रांची17 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

महंगे एविएशन फ्यूल और मनमाने किराये ने यात्रियों को फ्लाइट से किया दूर
हवाई सफर अब आम यात्रियों की पहुंच से बाहर होता जा रहा है। महंगे एविएशन फ्यूल और विमानन कंपनियों के मनमाने किराये ने हवाई यात्रा की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है। इसका असर रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर दिख रहा है। बीते छह महीने में यहां से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या में 1.10 लाख की कमी आई है।
अप्रैल से सितंबर 2026 के बीच 12.27 लाख यात्रियों ने हवाई सफर किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 13.37 लाख था। यानी यात्रियों की संख्या में 8.2% की गिरावट आई है। सिर्फ सितंबर में ही 25,422 यात्री कम हो गए। पिछले साल सितंबर में जहां 1.98 लाख यात्रियों ने सफर किया था, वहीं इस साल यह संख्या घटकर 1.73 लाख रह गई। गिरावट की बड़ी वजह हवाई किराये में बेतहाशा बढ़ोतरी मानी जा रही है।
इन कारणों से भी वृद्धि
1. विमानन ईंधन की ऊंची लागत और कमजोर रुपए जैसे कारकों से एयरलाइंस का खर्च बढ़ा है। 2. कुछ एयरलाइंस के वित्तीय व परिचालन संकट के कारण उड़ान क्षमता सीमित हुई। 3. महंगाई और धीमी आर्थिक गतिविधियों के चलते कॉर्पोरेट व अवकाश यात्राओं में कमी आई है। 4. बेहतर रेल विकल्प के कारण छोटी दूरी की हवाई यात्राओं पर असर पड़ा है।
1. रांची से हवाई किराया (बुधवार बनाम 26–28 नवंबर)
| रूट (रांची से) | बुधवार किराया (₹) | 26–28 नवंबर (₹) |
| पुणे | 34,000 | 21,000 – 38,000 |
| कोलकाता | 15,000 | 7,000 – 13,000 |
| दिल्ली | 36,000 | 11,000 – 13,000 |
| मुंबई | 34,000 | 17,000 – 27,000 |
| चेन्नई | 24,000 | 14,000 – 22,000 |
| भुवनेश्वर | 31,000 | 14,000 – 19,000 |
| पटना | 44,000 | 6,000 – 6,200 |
| बेंगलुरू | 27,000 | 18,000 – 19,000 |
(स्रोत: ईज माई ट्रिप — बुधवार को पटना का टिकट 4 गुना महंगा था)
2. रांची एयरपोर्ट पर यात्रियों का आवागमन
| अवधि | 2025-26 | 2026-27 | गिरावट |
| सितंबर | 1,98,577 | 1,73,155 | 12.8% |
| अप्रैल-सितंबर | 13,37,621 | 12,27,971 | 8.2% |
3. सितंबर 2025 की तुलना में सितंबर 2026 में यात्री संख्या में गिरावट
| एयरपोर्ट | गिरावट |
| रांची | 12.8% |
| पटना | 13.7% |
| देवघर | 24.6% |
| दरभंगा | 42.3% |
| गया | 55.1% |
अन्य एयरपोर्ट की स्थिति भी खराब: रांची के आसपास के हवाई अड्डों के आंकड़े भी कमोबेश ऐसी ही तस्वीर दिखाते हैं। सितंबर 2026 में दरभंगा एयरपोर्ट से यात्रियों की संख्या में पिछले सितंबर के मुकाबले 42.3%, देवघर एयरपोर्ट पर 24.6% और पटना एयरपोर्ट पर 13.7% गिरावट दर्ज की गई।
दिनेश प्रसाद साहू, चेयरमैन, सिविल एविएशन उप समिति, झारखंड चैंबर महंगे किराए से हवाई सफर मुश्किल हवाई सफर धीरे-धीरे आम यात्रियों के बजट से बाहर होती जा रहा है। किराए में लगातार बढ़ोतरी के कारण यात्रियों के सामने फ्लाइट और ट्रेन यात्रा के बीच चुनाव की स्थिति बन गई है। हाल के दिनों में किराए में अप्रत्याशित वृद्धि ने यात्रियों की संख्या कम की है। इसका प्रभाव व्यापारिक यात्राओं, पर्यटन और आम नागरिकों की आवाजाही पर पड़ रहा है। किराया नियंत्रित करने के साथ एयरपोर्ट पर सुविधाओं के विकास पर भी ध्यान देना जरूरी है। किफायती किराए से यात्रियों को तो राहत मिलेगी ही, झारखंड में व्यापार, टूरिज्म और निवेश को भी मजबूती प्रदान करेगी।
