Last Updated:
Success Story : जुगाड़ से जैकपॉट की इस 16वीं सीरीज में हम ऐसे युवा महिला उद्यमी की कहानी लेकर आए हैं, जिसने कोरोना महामारी जैसी आपदा में अपने लिए अवसर खोज निकाला. उन्होंने अमेजन जैसी कंपनी की जॉब छोड़कर खुद का स्टार्टअप शुरू किया और आज दिल्ली-बिहार सहित दुनिया के तमाम शहरों में उनके प्रोडक्ट की डिमांड है.
अश्वथी ने WhizKids Club स्टार्टअप बनाकर कई देशों में प्रोडक्ट बेचने शुरू कर दिए हैं.
नई दिल्ली. कई बार अवसर हमारे सामने होते हैं और हम उन्हें पहचान नहीं पाते. लेकिन, सही समय पर अवसर को पहचानकर उसे भुनाने वाला ही एक दिन सफल उद्यमी बनता है. यह कहानी ऐसी ही महिला सफल उद्यमी की है, जिसने लॉकडाउन की आपदा को भी अपने लिए अवसर बना लिया. केरल के कोच्चि की रहने वाली अश्वथी को अपने बचपन की कसक से ऐसा बिजनेस आइडिया मिला कि आज उनके प्रोडक्ट यूपी-बिहार ही नहीं, पूरी दुनिया में बिकते हैं.
अश्वथी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि स्कूल के दिनों में वह काफी एक्टवि स्टूडेंट थीं, लेकिन सही जानकारी न होने की वजह से बड़े कॉम्पिटिशन और मौकों से चूक जाती थीं. बाद में जब उन्होंने कोचीन यूनिवर्सिटी (CUSAT) से MBA किया, तो उनका चयन अमेरिका के प्रतिष्ठित ‘केक्टिल इंटरनेशनल यूथ लीडरशिप प्रोग्राम’ (Kectil) में हो गया. वहां जाकर उन्हें अहसास हुआ कि अगर बच्चों को सही उम्र में सही प्लेटफॉर्म की जानकारी मिल जाए, तो उनकी जिंदगी बदल सकती है.
अमेजन की नौकरी छोड़ शुरू किया स्टार्टअप
इस समस्या को हल करने के लिए अश्वथी ने Amazon की अपनी कॉर्पोरेट नौकरी छोड़ दी. उन्होंने अपने पति संदीप सतीशन के साथ मिलकर छोटे से स्टार्टअप पर काम शुरू किया. संदीप का पिछला स्टार्टअप CatalanLabs एक अमेरिकी कंपनी ने खरीदा था. दोनों ने मिलकर बिना किसी बाहरी निवेश के ही ‘अवसरशाला’ (Avasarshala) नाम से एजुकेशन स्टार्टअप की शुरुआत की.
WhatsApp के ‘जुगाड़’ से रखा पहला कदम
शुरुआत में न कोई भारी-भरकम टेक प्लेटफॉर्म था, न बड़ा ऑफिस. अश्वथी और संदीप ने देश-दुनिया में बच्चों के लिए होने वाले ओलंपियाड, स्कॉलरशिप, निबंध और कला प्रतियोगिताओं की जानकारी जुटाना शुरू किया. वे हर बच्चे की उम्र, शहर और रुचि के हिसाब से लिस्ट तैयार करते और हर हफ्ते सीधे माता-पिता के WhatsApp पर भेज देते थे. धीरे -धीरे लोग उनके साथ जुड़ने लगे और इसकी जरूरत भी बढ़ती चली गई.
कोरोना की आपदा को बनाया अवसर
साल 2020 में जब कोरोना महामारी ने पूरी दुनिया को हलकान किया हुआ था, तब अश्वथी ने अपने लिए अवसर खोज निकाला. अप्रैल 2020 में जब कोविड लॉकडाउन लगा और बच्चे घरों में कैद होकर मोबाइल-टीवी से चिपक गए, तब अश्वथी ने बच्चों को स्क्रीन से दूर रखने के लिए 14 दिनों का फ्री ‘WhizKids Challenge’ शुरू किया. देखते ही देखते भारत और विदेश से 500 से ज्यादा माता-पिता इससे जुड़ गए. यही छोटा-सा प्रयोग आगे चलकर उनके बड़े प्रोडक्ट WhizKids.Club में बदल गया, जो 6 से 13 साल के बच्चों को कहानी और ऑफलाइन गेम्स के जरिए साइंस-टेक (STEAM) सिखाता है.
कैसे होती है लाखों की कमाई
अश्वथी का स्टार्टअप भले ही साधारण क्यूरेटेड लिस्ट से शुरू हुआ था, लेकिन आज यह आइडिया सब्सक्रिप्शन मॉडल (करीब 1,200 रुपये सालाना फीस) और इवेंट ऑर्गनाइजर्स के साथ पार्टनरशिप के जरिए कमाई कर रहा है. इसके अलावा उन्हें केरल स्टार्टअप मिशन, IIM कोझिकोड (NIDHI EIR) और CUSAT से इनोवेशन ग्रांट भी मिली है. आज इनके प्लेटफॉर्म पर सक्रिय यूजर्स में करीब 68% से 75% लड़कियां हैं और बिहार, दिल्ली जैसे राज्यों से भी बड़ी संख्या में माता-पिता जुड़े हैं. उनके प्रोडक्ट की डिमांड देश के बाहर भी हो रही है और अमेरिका, कनाडा व ऑस्ट्रेलिया से तमाम पैरेंट सब्सक्राइबर बन चुके हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…