भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

जहां मिली पेड़ की छांव, वहीं जला चूल्हा, ऐसे होता है ट्रक...


Last Updated:

How Truck Drivers Cook: जमशेदपुर में 20 साल से ट्रक चला रहे नसरुल ने बताया कि कैसे भूख लगने पर वे लोग सड़क किनारे पेड़ की छांव में अपना अस्थाई किचन बनाते हैं. वे सफर के दौरान अपने साथी के साथ मिलकर खाना बनाते हैं और अन्य ड्राइवरों के साथ भी भोजन साझा करते हैं. कुछ ऐसी होती है इनकी जिंदगी.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. सड़क पर दौड़ते ट्रक, लंबा सफर और दिन-रात की मेहनत. अक्सर हम रास्ते से गुजरते हुए ट्रकों और उनके ड्राइवरों को देखते हैं, लेकिन शायद ही कभी उनकी जिंदगी को करीब से समझने की कोशिश करते हैं. ट्रक ड्राइवरों की जिंदगी जितनी मुश्किल और संघर्ष भरी होती है, उसमें उतने ही दिलचस्प और यादगार पल भी छिपे होते हैं. खासकर उनके खाने-पीने का अंदाज किसी चलते-फिरते किचन से कम नहीं होता. जहां कहीं पेड़ की छांव और थोड़ी खाली जगह मिल जाए, वहीं उनका छोटा सा ढाबा तैयार हो जाता है.

20 साल से ट्रक चला रहे नसरुल
ऐसा ही नजारा जमशेदपुर में देखने को मिला, जहां कोलकाता से आए ट्रक ड्राइवर नसरुल अपने साथी के साथ पेड़ के नीचे खाना बनाते नजर आए. नसरुल बताते हैं कि वह पिछले 20 वर्षों से ट्रक चला रहे हैं. इतने लंबे समय में उन्होंने सड़क पर ही अपनी जिंदगी के कई खूबसूरत और मुश्किल अनुभव देखे हैं. उनके लिए ट्रक चलाना सिर्फ एक काम नहीं, बल्कि जिंदगी का हिस्सा बन चुका है.

जहां मिली पेड़ की छांव, वहीं बन जाता है किचन
नसरुल बताते हैं कि जब भी लंबे सफर के दौरान भूख लगती है या खाना बनाने का मन होता है, तो वे किसी ऐसी जगह की तलाश करते हैं, जहां पेड़ की अच्छी छांव हो और जमीन थोड़ी साफ हो. इसके बाद सबसे पहले लाल रंग की छोटी सी कारपेट बिछाई जाती है. फिर ट्रक से छोटा गैस चूल्हा, खाना बनाने के बर्तन और जरूरी सामान निकालकर वहीं उनका अस्थायी किचन तैयार हो जाता है.

खाना बनाने का सामान रखते हैं साथ
उस दिन भी नसरुल अपने साथी के साथ चिकन और चावल बना रहे थे. उन्होंने बताया कि घर से दूर रहने के बावजूद कोशिश रहती है कि खाना अपने हाथों से बनाकर खाया जाए. खाना बनाने का उनका तरीका भी काफी दिलचस्प है. उन्होंने दिखाया कि कैसे एक छोटे से गिलास में ही लहसुन और अदरक को पीसकर मसाला तैयार कर लेते हैं. उनके पास छोटे-छोटे पैकेट में नमक, हल्दी, मिर्च, जीरा और दूसरे जरूरी मसाले भी मौजूद रहते हैं. इसके अलावा, पीने और खाना बनाने के लिए 20 लीटर पानी का जार भी अपने साथ रखते हैं.

बांटकर खाते हैं
नसरुल बताते हैं कि वे दोनों लोग भले ही साथ में खाना बनाते हों, लेकिन भोजन हमेशा दो लोगों से थोड़ा ज्यादा ही तैयार करते हैं. करीब तीन से चार लोगों के लिए खाना बनता है. इसकी वजह भी काफी खास है. सफर के दौरान अक्सर दूसरे ट्रक ड्राइवर या खलासी भी आसपास मिल जाते हैं. ऐसे में कोई किसी को खाने के लिए मना नहीं करता. सभी मिलकर बैठते हैं और एक-दूसरे के साथ भोजन साझा करते हैं.

नसरुल की यह छोटी सी रसोई बताती है कि सड़क पर जिंदगी बिताने वाले इन लोगों के लिए पेड़ की छांव ही कभी घर का आंगन बन जाती है, तो कभी ढाबा. लंबे सफर और परिवार से दूर रहने के बावजूद इनकी दोस्ती, अपनापन और मिल-बांटकर खाने की आदत जिंदगी को थोड़ा आसान और खूबसूरत बना देती है.

About the Author

Raina Shukla

Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top