भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

परिसीमन बिल पर बिखरा ‘इंडिया’ गठबंधन, मीटिंग में खाली रहीं कुर्सियां; शरद...


India Alliance Meeting: लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयकों को लेकर विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक की एकजुटता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इस मुद्दे पर रणनीति तय करने के लिए 28 नवंबर को मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बुलाई गई विपक्षी दलों की बैठक में कई अहम राजनीतिक दल शामिल नहीं हुए. खास बात यह रही कि शरदचंद्र पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) ने भी बैठक से दूरी बनाए रखी. इसके अलावा आम आदमी पार्टी (AAP), द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और बीजू जनता दल (BJD) भी बैठक में शामिल नहीं हुए, जबकि इन्हें आमंत्रित किया गया था.

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और जयराम रमेश मौजूद रहे. तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ’ब्रायन ने हिस्सा लिया. इसके अलावा समाजवादी पार्टी, राष्ट्रीय जनता दल (RJD), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPI-M), राष्ट्रीय लोकदल (RLD), शिवसेना (UBT), झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM), नेशनल कॉन्फ्रेंस, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (RSP) के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया. निर्दलीय सांसद कपिल सिब्बल भी बैठक में मौजूद रहे.

NCP-SP की गैरमौजूदगी की वजह क्या रही?
शरद पवार की पार्टी NCP-SP की ओर से कोई नेता बैठक में शामिल नहीं हुआ. हालांकि, पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने पहले ही अपने पिता शरद पवार की तबीयत खराब होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो पाने की बात कही थी. दूसरी ओर, पार्टी ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को सशर्त समर्थन देने का संकेत दिया है. NCP-SP की मांग है कि सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या समान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाई जाए. पार्टी के इस रुख ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के सामने राजनीतिक रणनीति से जुड़ा सवाल खड़ा किया है.

DMK, AAP और BJD भी बैठक से दूर
इस बैठक में INDIA ब्लॉक से बाहर के कुछ विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया गया था. इनमें तमिलनाडु की सत्तारूढ़ DMK, आम आदमी पार्टी (AAP) और बीजू जनता दल (BJD) शामिल थे. हालांकि, तीनों दलों ने बैठक में हिस्सा नहीं लिया. DMK ने परिसीमन प्रस्ताव को लेकर अपना अलग रुख सामने रखा है और राज्य के प्रतिनिधित्व की सुरक्षा से जुड़ी शर्तों के साथ प्रस्ताव का समर्थन किया है.

बैठक में विपक्ष ने क्या रणनीति बनाई?
बैठक में विपक्षी नेताओं ने प्रस्तावित विधेयकों के विरोध में साझा रणनीति पर चर्चा की. विपक्ष की प्रमुख मांगों में लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बनाए रखना, महिलाओं को आरक्षण मौजूदा 543 सीटों के आधार पर देना और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को सुरक्षित रखना शामिल है. बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि INDIA ब्लॉक इस प्रस्तावित संविधान संशोधन विधेयक का विरोध करेगा.

दरअसल, केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने के उद्देश्य से सदनों की सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव किया है. इसके तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 किए जाने का प्रावधान है. प्रस्ताव में नए परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और सीटों के आवंटन को वर्ष 2051 तक यथावत रखने की बात भी कही गई है. सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिला आरक्षण लागू करना है.

इसी उद्देश्य से संसद के विशेष सत्र में तीन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है. इनमें संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत परिसीमन आयोग के गठन से संबंधित प्रावधान किए जाने हैं. वहीं, संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 में निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं के पुनर्निर्धारण का प्रावधान होगा. इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित कानूनों में आवश्यक बदलाव के लिए एक अलग विधेयक भी पेश किया जाएगा.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top