- Hindi News
- Local
- Jharkhand
- Ranchi
- Outgoing Chief Justice MS Sonak Was Given A Farewell Speech, Stating In A Full Court Reference That The Duty Of Judges Is To Provide Justice To Victims With Sensitivity.
रांची20 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
झारखंड हाईकोर्ट के निवर्तमान चीफ जस्टिस एमएस सोनक ने कहा कि अदालतों में न्यायाधीशों के सामने रोजाना फाइलों के ढेर आते हैं, लेकिन हर फाइल के पीछे एक मानवीय चेहरा होता है, जो न्याय की उम्मीद लगाए बैठा होता है। हमें उन कागजों के पीछे छिपे इंसान और उसकी पीड़ा को समझना चाहिए। न्यायपालिका का संवैधानिक दायित्व केवल कानून की किताबों को यांत्रिक तरीके से लागू करना नहीं है, बल्कि कानून के दायरे में रहते हुए करुणा, समानता और संवेदनशीलता के साथ पीड़ित को वास्तविक न्याय दिलाना भी है। चीफ जस्टिस सोनक ने शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में आयोजित फुल कोर्ट रेफरेंस में ये बातें कहीं। उनके सम्मान में आयोजित विदाई समारोह में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने उनके कार्यकाल को याद किया। अपने विदाई संबोधन में जस्टिस सोनक ने न्यायपालिका की जिम्मेदारी, न्यायिक संस्थाओं की गरिमा, अधिवक्ताओं की भूमिका और आम आदमी के विश्वास को बनाए रखने पर विस्तार से विचार रखे।
मौके पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सुजीत नारायण प्रसाद, महाधिवक्ता, स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष अभय कुमार चतुर्वेदी, हाईकोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजीत कुमार समेत काफी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित थे। जस्टिस सोनक ने कहा कि न्यायिक संस्था का सम्मान किसी व्यक्ति विशेष या पद का नहीं, बल्कि कानून के शासन का सम्मान है। यह सम्मान जन्मसिद्ध अधिकार नहीं है। न्यायपालिका को अपनी निष्पक्षता, कानून के प्रति निष्ठा और बाहरी दबावों से प्रभावित हुए बिना काम करने की क्षमता से इसे हर दिन अर्जित करना पड़ता है। कहा कि जज भी इंसान हैं और काम के भारी दबाव के बीच उनसे भी गलतियां हो सकती हैं। ऐसे में व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शोध आधारित और रचनात्मक आलोचना का स्वागत होना चाहिए।
आलोचना का उद्देश्य संस्था को कमजोर करना नहीं, बल्कि उसे संविधान की कसौटी पर और मजबूत बनाना होना चाहिए। अपने 14 वर्षों के न्यायिक सफर और झारखंड हाईकोर्ट में बिताए 11 महीनों को याद करते हुए जस्टिस सोनक ने न्यायिक जीवन की तुलना रिले रेस से की। उन्होंने कहा कि एक न्यायाधीश अपने पूर्ववर्तियों से न्याय की मशाल ग्रहण करता है, पूरी ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारी निभाता है और बिना उस पर कोई दाग लगाए अगली पीढ़ी को सौंप देता है। यही न्यायिक परंपरा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने संतोष जताया कि झारखंड से विदा लेते समय उनके पास कोई अधूरा फैसला नहीं है और वे साफ अंतरात्मा तथा मुस्कान के साथ जा रहे हैं।
