तमिलनाडु का मुख्यमंत्री रहते एम के स्टालिन ने इस साल 16 अप्रैल को नमक्कल में एक चुनाव प्रचार कार्यक्रम के दौरान काले कपड़े पहनकर परिसीमन विधेयक की प्रति जलाई थी और इसके अगले दिन ही ‘इंडिया’ गठबंधन ने एकजुट होकर लोकसभा में इस विधेयक को पारित होने से रोक दिया था, लेकिन सात महीने बाद हालात बदल चुके हैं तथा विपक्षी एकजुटता में बड़ी दरार आ चुकी है.
सत्ता से हटने और कांग्रेस द्वारा उससे गठबंधन तोड़ने के बाद बदली हुई राजनीतिक परिस्थिति में अब द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) विधेयक के समर्थन खड़ी है. चेन्नई में स्टालिन की अध्यक्षता में 28 नवंबर को हुई द्रमुक सांसदों की बैठक में पार्टी ने केंद्र सरकार के संशोधित विधेयकों का समर्थन करने का प्रस्ताव पारित किया. इसी दौरान, नयी दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे विपक्षी नेताओं के साथ बैठक करके प्रस्तावित विधेयकों पर साझा रणनीति तैयार कर रहे थे. हालांकि, आमंत्रण के बावजूद द्रमुक इस बैठक में शामिल नहीं हुई.
खरगे के आवास पर हुई बैठक में कम से कम 11 दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) भी बैठक से अनुपस्थित रही. पार्टी की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने अपने पिता और पार्टी संस्थापक शरद पवार की खराब तबीयत को इसकी वजह बताया. आम आदमी पार्टी (आप) और बीजू जनता दल (बीजद) भी बैठक में शामिल नहीं हुए. ये दोनों दल इस गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं.
खरगे के आवास पर जुटे नेताओं की तस्वीर से स्पष्ट हुआ कि अप्रैल के मुकाबले ‘इंडिया’ गठबंधन की एकजुटता कितनी कमजोर हो चुकी है. उस समय विपक्ष ने सरकार के खिलाफ एकजुट होकर मोर्चा संभाला था, लेकिन बाद में आपसी मतभेदों और राजनीतिक संबंधों में आई तल्खी ने गठबंधन को कमजोर कर दिया. कांग्रेस और द्रमुक अब सहयोगी नहीं हैं. तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना (उबाठा) में टूट के कारण ‘इंडिया’ गठबंधन का संख्या बल कम हुआ है. वहीं, राकांपा (शरदचंद्र पवार) उस प्रस्ताव का समर्थन करने पर विचार कर रही है, जिसे उसने सात महीने पहले (संसद में) खारिज कराने में मदद की थी.
इस साल 17 अप्रैल को महिला आरक्षण को परिसीमन के माध्यम से लागू करने संबंधी संविधान संशोधन विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे. सत्तापक्ष दो-तिहाई बहुमत के लिए जरूरी संख्या से 54 मतों से पीछे रह गया था. स्टालिन ने तब चेतावनी दी थी कि आबादी के नये आंकड़ों के आधार पर लोकसभा सीट का पुनर्वितरण करने से सदन में तमिलनाडु की हिस्सेदारी घट सकती है. अगस्त में भी द्रमुक सांसद दयानिधि मारन ने तमिलनाडु विधानसभा के उस सर्वसम्मत प्रस्ताव का हवाला दिया था, जिसमें लोकसभा की कुल सीटें 543 पर स्थिर रखने की मांग की गई थी.
30 नवंबर को पेश किए जाने वाले नए विधेयक में मौजूदा सीट की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि का प्रावधान है. इसके तहत संशोधित सीटों का आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण 2051 तक लागू रहेगा. इस व्यवस्था से लोकसभा में तमिलनाडु की हिस्सेदारी लगभग पहले जैसी ही बनी रहेगी. इससे द्रमुक की प्रमुख चिंता दूर होती दिख रही है और उसे विधेयक का समर्थन करने का आधार मिला है. हालांकि, कांग्रेस ने विधेयक का समर्थन करने वाले दलों को आगाह किया है कि राज्यों की सीटों का अनुपात बरकरार रहने के बावजूद निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में हेरफेर की गुंजाइश बनी रहेगी. इससे भाजपा को चुनावी लाभ पहुंचाया जा सकता है.
कांग्रेस ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में द्रमुक की हार के दो दिन बाद छह मई को उसके साथ अपना पुराना गठबंधन समाप्त कर दिया था. कांग्रेस ने अभिनेता सी जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को समर्थन दिया था और भविष्य के चुनावों में भी उसके साथ गठबंधन की घोषणा की थी. इसके बाद द्रमुक ने ‘इंडिया’ गठबंधन छोड़ दिया, जिससे गठबंधन के 22 लोकसभा सदस्य कम हो गए.
इस साल जून में तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों ने पार्टी से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया में विलय की घोषणा की. यह पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सहयोगी है. पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के लगातार तीन कार्यकाल के बाद सत्ता से बाहर होने के एक महीने बाद यह घटनाक्रम हुआ. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने जुलाई में इन सांसदों को अलग बैठने की जगह आवंटित की थी.
उद्धव ठाकरे की शिवसेना (उबाठा) के नौ लोकसभा सदस्यों में से छह भी जून के अंत तक एकनाथ शिंदे के खेमे में चले गए. जुलाई में लोकसभा सचिवालय ने इस बदलाव को मान्यता दे दी, जिससे शिवसेना (उबाठा) के पास केवल तीन सांसद रह गए. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) भी इस मुद्दे पर ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ नजर नहीं आ रही है. उसके लोकसभा में आठ सदस्य हैं.
सरकार को द्रमुक, राकांपा (शरदचंद्र पवार), वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के चार सांसदों, तृणमूल के बागी सांसदों और शिरोमणि अकाली दल के एकमात्र सांसद का समर्थन मिलने पर 353 वोट हासिल हो सकते हैं. हालांकि, तृणमूल सांसद कल्याण बनर्जी का निलंबन जारी रहने और उनके तथा लोकसभा अध्यक्ष को छोड़कर सभी 538 सांसदों के मतदान करने की स्थिति में सरकार दो-तिहाई बहुमत से छह वोट पीछे रह सकती है.
विपक्ष के लिए विधेयक पर हार का तत्काल असर मनोवैज्ञानिक होगा. अगले साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव होने हैं. इनमें सबसे बड़ी चुनौती उत्तर प्रदेश में होगी, जहां 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने मिलकर 80 में से 43 सीट जीती थीं. दोनों दल अब राज्य की 403 विधानसभा सीट के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं.