Last Updated:
बोकारो की छोटी कुमारी ने झारखंड बोर्ड इंटर आर्ट्स में 95.6% अंक लाकर स्टेट टॉप किया. मजदूर की बेटी ने बिना ट्यूशन, सिर्फ सेल्फ स्टडी से यह मुकाम पाया. वह रोजाना 6 घंटे पढ़ाई करती थी. भविष्य में शिक्षिका बनकर समाज सेवा करना चाहती है. उनकी सफलता से पूरे झारखंड का मान बढ़ा है.
बोकारोः झारखंड बोर्ड ने 12वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया है. बोकारो के कसमार प्रखंड स्थित केएन प्लस टू हाई स्कूल, हरनाद की कक्षा छोटी कुमारी ने इतिहास रच दिया. छात्रा ने आर्ट्स संकाय में 95.6 प्रतिशत अंक हासिल कर ना सिर्फ जिला बल्कि पूरे स्टेट में टॉप किया है. उनकी इस उपलब्धि पर घर-परिवार में खुशी और गर्व का माहौल है.
पिता करते हैं मजदूरी
बता दें कि छोटी कुमारी एक बेहद साधारण परिवार से आती हैं. उनके पिता भवानी शंकर नायक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी मां माला देवी गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद छोटी ने अपनी मेहनत और लगन से यह बड़ी सफलता हासिल की है.
सेल्फ स्टडी के दम पर बनी टॉपर
छोटी कुमारी ने बताया कि वह रोजाना 5 से 6 घंटे पढ़ाई करती थीं. उनका रूटीन काफी अनुशासित था. वह सुबह 4 बजे से 6 बजे तक पढ़ाई करती थी, फिर स्कूल की तैयारी और स्कूल से लौटने के बाद करीब 3 घंटे सिलेबस से जुड़ी पढ़ाई करती थी. 1 घंटे रिवीजन पर अपना समय देती थी. किसी भी विषय में डाउट होने पर वह यूट्यूब की मदद लेती थीं. उन्होंने पूरे साल सेल्फ स्टडी के जरिए ही पढ़ाई की है. छोटी कुमारी ने हिंदी में 92, खोरठा में 97, ज्योग्राफी में 97, हिस्ट्री में 94 और रिटेल में 98 अंक हासिल किए हैं.
छात्रों को छोटी का सलाह
वहीं, परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं छात्रों को छोटी ने सलाह दी है कि मेहनत करना बेहद जरूरी है और लगातार प्रयास और अनुशासन से ही अच्छे परिणाम हासिल किए जा सकते हैं. छोटी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और स्कूल के शिक्षकों को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से वह इस मुकाम तक पहुंच सकीं.
छोटी कुमारी का सपना आगे चलकर शिक्षिका बनने का है, क्योंकि वह समाज के लिए कुछ करना चाहती हैं. शिक्षा के माध्यम से समाज को विकसित बनाने में अपना योगदान देना चाहती हैं.
क्या बोले पिता?
बेटी की सफलता पर पिता भवानी शंकर नायक ने कहा कि उन्हें अपनी बेटी पर बेहद गर्व है. उन्होंने कहा कि यह उनके परिवार के लिए गर्व का पल है और वह चाहते हैं कि उनकी बेटी आगे भी इसी तरह तरक्की करती रहे. छोटी कुमारी की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन पर बोकारो जिला के उपायुक्त अजय नाथ झा ने उन्हें वीडियो कॉल कर बधाई और शुभकामनाएं भी दी है.