![]()
गोड्डा के मेहरमा थाना क्षेत्र स्थित घासीचक गांव में बुधवार की देर रात घरेलू विवाद में नशे में धुत पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। मृतका की पहचान 55 वर्षीय रूबी देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल गोड्डा ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मेहरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पति घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। रात दो बजे हुआ विवाद, पोतों के सामने हुआ हमला ग्रामीणों बीरबल दास, महेश उरांव और सुशीला देवी ने बताया कि पति किशन रविदास और रूबी देवी के बीच पिछले दो दिनों से घरेलू विवाद चल रहा था। बुधवार देर रात करीब दो बजे दोनों के बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय किशन रविदास शराब के नशे में था। विवाद बढ़ने के बाद उसने धारदार हथियार से अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। घटना के समय मृतका के दो पोते लव और कुश भी वहीं सो रहे थे। बच्चों ने पूरी घटना देखी और तुरंत अपनी मां को इसकी जानकारी दी। इसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने रास्ते में ही उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिल्ली में काम करता है मृतका का बेटा मृतका का बेटा धर्मेंद्र कुमार रविदास दिल्ली में काम करता है। घटना की सूचना उसे भी दे दी गई है। इधर सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी सौरभ कुमार ठाकुर पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आपसी विवाद का मामला है। उन्होंने कहा कि आरोपी पति किशन रविदास घटना के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल बना हुआ है।
Source link