रांची | सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए ‘डेंजर्स एडवेंचर्स स्पोर्ट्स’ टीम की ओर से निकाली गई विश्वशांति रथयात्रा शनिवार को हजारीबाग जिले के प्रवास पर पहुंची। तीन दिवसीय प्रवास के तहत टीम 19 मई तक हजारीबाग में रहेगी। इस दौरान विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गिनीज व लिम्का बुक रिकॉर्ड होल्डर अवध बिहारी लाल, जितेंद्र प्रताप, महेंद्र प्रताप और गोविंदा नंद की यह टीम झारखंड के सभी 24 जिलों का दौरा कर रही है, जिसमें हजारीबाग 13वां जिला है। सोमवार को टीम के सदस्य हजारीबाग उपायुक्त व प्रमंडलीय आयुक्त से मिलेंगे। वहीं, मंगलवार को डीटीओ व डीएफओ के साथ सड़क सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर आम लोगों को जागरूक करेंगे। बता दें कि ‘डेंजर्स एडवेंचर्स स्पोर्ट्स’ टीम अब तक 11 देशों और भारत के 600 जिलों में 4.54 लाख किमी. की पदयात्रा कर चुकी है। इस दौरान 14.50 करोड़ पौधे भी रोपे गए हैं। करीब दो माह पूर्व टीम ने रांची प्रवास के दौरान राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की थी। वहीं, 21 अप्रैल को सीएम हेमंत सोरेन से मिले थे।
Source link