जमशेदपुर. देश के सबसे प्रतिष्ठित मैनेजमेंट संस्थानों में गिने जाने वाले XLRI – Xavier School of Management में पढ़ाई करना लाखों छात्रों का सपना होता है. हर साल देशभर से छात्र यहां एडमिशन पाने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं. लेकिन यहां पहुंचने के बाद छात्रों की जिंदगी सिर्फ किताबों और क्लासरूम तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उन्हें ऐसा माहौल मिलता है जो किसी शानदार लाइफस्टाइल से कम नहीं लगता.
पता नहीं चलता कैसे गुजर जाते हैं साल
इसी अनुभव को साझा करते हुए XLRI के छात्र अभिषेक चौरसिया ने बताया कि इस कॉलेज में एडमिशन लेने के बाद दो साल कैसे गुजर जाते हैं, इसका एहसास ही नहीं होता. उन्होंने कहा कि यहां का माहौल बिल्कुल परिवार जैसा है. कॉलेज के प्रोफेसर और स्टाफ छात्रों के लिए सिर्फ शिक्षक नहीं, बल्कि गार्जियन की तरह होते हैं. अगर किसी छात्र को किसी भी समय मदद की जरूरत पड़े, तो प्रोफेसर हमेशा तैयार रहते हैं. यहां तक कि रात में भी फोन करने पर कई प्रोफेसर तुरंत कॉल रिसीव करते हैं.
कॉलेज की हॉस्टल सुविधा भी छात्रों को बेहद पसंद आती है. यहां हर छात्र को सिंगल रूम दिया जाता है, जिसमें बेड, कपबोर्ड और पूरी तरह से फर्निश्ड व्यवस्था रहती है. छात्रों को ऐसा महसूस होता है मानो वे किसी होटल या प्रीमियम कैंपस में रह रहे हों.
बहुत सारी एक्टिविटीज होती हैं
XLRI का कैंपस हरियाली और शांत वातावरण से घिरा हुआ है. शाम के समय कैंपस में घूमना छात्रों के लिए किसी थेरेपी से कम नहीं होता. खेल-कूद की सुविधाओं की बात करें, तो यहां बैडमिंटन, टेबल टेनिस, क्रिकेट, फुटबॉल सहित कई स्पोर्ट्स एक्टिविटी मौजूद हैं.
इसके अलावा कैंपस में मूवी स्क्रीनिंग, एडवेंचर कैंप, ट्रैकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, राफ्टिंग और रोप क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियां भी कराई जाती हैं, जिससे छात्रों का व्यक्तित्व और आत्मविश्वास दोनों मजबूत होता है. कॉलेज की 24×7 लाइब्रेरी भी छात्रों के लिए सबसे बड़ी ताकत मानी जाती है. यहां लाखों किताबें उपलब्ध हैं, जहां छात्र किसी भी समय पढ़ाई कर सकते हैं.
खाने-पीने की भी खास सुविधा
खाने-पीने की सुविधा भी छात्रों को बेहद खास अनुभव देती है. यहां दिन में चार बार भोजन दिया जाता है, जिसमें सुबह का नाश्ता, लंच, शाम का स्नैक्स और रात का खाना शामिल होता है. सबसे खास बात यह है कि कॉलेज में रीजनल डिनर का आयोजन होता है, जहां अलग-अलग राज्यों जैसे आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, महाराष्ट्र और गुजरात के पारंपरिक व्यंजन परोसे जाते हैं.
त्योहारों के समय XLRI का माहौल और भी खास हो जाता है. दिवाली, होली, ईद और दूसरे त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाए जाते हैं. पूरा कैंपस रोशनी और सजावट से जगमगा उठता है. लगने लगता है कि फेस्टिव सीजन है.
कैंपस बदल जाता कॉन्सर्ट में
इसके अलावा कॉलेज में हर साल दो बड़े फेस्ट – Valhalla और Maxi Fair – आयोजित होते हैं. इन आयोजनों के दौरान बॉलीवुड सिंगर्स और कलाकार आते हैं और पूरा कैंपस तीन से चार दिनों तक किसी बड़े कॉन्सर्ट में बदल जाता है.
सबसे बड़ी बात यह है कि XLRI अपने शानदार प्लेसमेंट के लिए भी जाना जाता है. यहां छात्रों को लाखों के पैकेज मिलते हैं और लगभग हर छात्र को बेहतरीन नौकरी के मौके मिलते हैं. यही वजह है कि XLRI सिर्फ एक कॉलेज नहीं, बल्कि छात्रों के लिए एक यादगार जिंदगी का अनुभव बन जाता है.