![]()
लातेहार में बुधवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। यह घटना डालटनगंज-गढ़वा रेल सेक्शन के चियांकी और केचकी स्टेशन के बीच स्थित केचकी रेलवे ओवरब्रिज के पास हुई। जानकारी के अनुसार, डाउन पलामू एक्सप्रेस की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पोल संख्या 272 के 20/22 डाउन लाइन के समीप हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि महिला रेलवे पुल के आसपास घूम रही थी, तभी तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला का शव पुल के पास फंस गया। उसके दोनों पैर कट गए। असामान्य हालत में घूम रही थी महिला स्थानीय लोगों के अनुसार, मृत महिला पिछले एक दिन से इलाके में असामान्य मानसिक स्थिति में घूमती हुई देखी जा रही थी। वह कभी पुल के आसपास तो कभी रेलवे ट्रैक के पास भटकती नजर आती थी। लोगों ने बताया कि महिला की पहचान के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं है। हादसे के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। कुछ लोगों का कहना है कि अगर समय रहते महिला को ट्रैक से हटाया जाता, तो शायद यह हादसा टल सकता था। आरपीएफ ने शव कब्जे में लिया घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर आर.के. मिंज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि मृत महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। उसकी शिनाख्त के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि महिला के बारे में कोई सुराग मिल सके। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।
Source link