![]()
हजारीबाग पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक वांछित टीपीसी उग्रवादी और देह व्यापार गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उग्रवादी दुर्गा बेदिया नौ मामलों में वांछित था, जबकि देह व्यापार के आरोप में एक होटल मालिक सहित चार लोगों को जेल भेजा गया है। गिद्दी थाना क्षेत्र से लंबे समय से फरार चल रहे टीपीसी उग्रवादी संगठन के सदस्य दुर्गा बेदिया उर्फ रामकुमार बेदिया को गिरफ्तार किया गया। एसपी अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि दुर्गा बेदिया गिद्दी थाना क्षेत्र के मिश्रण मिश्राइन मोड़ के पास पहुंच रहा है। इस सूचना के आधार पर एक टीम गठित कर उसे पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, दुर्गा बेदिया कई समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे थे। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल नौ मामले दर्ज हैं। हजारीबाग पुलिस इसे एक बड़ी सफलता मान रही है, क्योंकि वह अपने दस्ते को फिर से सक्रिय करने की योजना बना रहा था। होटल यमुना में छापेमारी की गई दूसरी ओर, कोर्रा थाना क्षेत्र से देह व्यापार के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें हजारीबाग कोर्रा निवासी होटल संचालक रामेश्वर प्रसाद, कोडरमा निवासी धर्मेंद्र चौधरी और सोनू कुमार, तथा हजारीबाग लोहसिंघना निवासी आसिफ अजहर शामिल हैं। एसपी अमन कुमार को सिंदूर चौक के निकट स्थित यमुना पैलेस होटल में अवैध देह व्यापार की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, होटल मालिक और संचालक दलालों से सांठगांठ कर विभिन्न क्षेत्रों से युवतियों को बुलाकर यह धंधा चला रहे थे। इस सूचना पर एक टीम गठित कर होटल यमुना में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान होटल से तीन युवकों को पकड़ा गया और कमरों से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए। होटल मालिक और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Source link