Last Updated:
Jamshedpur Magic Masala: जमशेदपुर की इस छोटी सी दुकान पर ‘जादुई मसाला’ मिलता है. जादुई इसलिए की एक चुटकी डालने से ही पूरे खाने का स्वाद बदल जाता है. करीब 6 दशक से जीसी प्रसाद बाकी मसालों के साथ यह खास मसाला बेच रहे हैं और आज भी ग्राहकों का विश्वास उनके ऊपर पहले जैसा बना हुआ है.
जमशेदपुर. भारत को मसालों का देश कहा जाता है और यहां हर क्षेत्र के अपने अलग स्वाद और खुशबू वाले मसाले मिलते हैं. इन्हीं पारंपरिक स्वादों के बीच जमशेदपुर में एक ऐसा नाम भी है, जो पिछले करीब 60 वर्षों से लोगों की रसोई का हिस्सा बना हुआ है. शहर में ‘जादू मसाला’ के नाम से मशहूर यह खास मसाला जीसी प्रसाद अपने हाथों से तैयार करते हैं और आज भी उसी पारंपरिक तरीके को बनाए हुए हैं.
6 दशक से बेच रहे सूखे मसाले
जमशेदपुर की एक छोटी सी दुकान में बैठकर जीसी प्रसाद पिछले छह दशक से सूखे मसालों को सही अनुपात में मिलाकर एक खास मिश्रण तैयार करते हैं. उनका कहना है कि इस मसाले की खासियत इसकी संतुलित मात्रा और शुद्ध मिश्रण में छिपी हुई है. यही वजह है कि उनके यहां आने वाले ग्राहक सालों से जुड़े हुए हैं और नए लोग भी एक बार इस्तेमाल करने के बाद दोबारा लौटते हैं.
लोकल 18 से बातचीत में जीसी प्रसाद ने बताया कि उन्होंने अपनी पूरी जिंदगी इसी दुकान को समर्पित कर दी. उन्होंने कहा कि इसी छोटे कारोबार के जरिए उन्होंने अपने दो बेटों को पढ़ाकर नौकरी तक पहुंचाया और अपनी तीन बेटियों की शादी भी कराई. उनके लिए यह दुकान केवल रोजगार नहीं, बल्कि जीवन की सबसे बड़ी पूंजी रही है.
कई मसालों का खास मिश्रण
उनका तैयार किया हुआ ‘जादू मसाला’ कई तरह के सूखे मसालों को मिलाकर बनाया जाता है. इसमें धनिया, सरसों, जीरा, सफेद गोलकी, काली गोलकी, जावित्री, बड़ी इलायची, छोटी इलायची और लौंग जैसे कई चुनिंदा मसालों का इस्तेमाल किया जाता है. सभी मसालों को तय मात्रा में मिलाकर तैयार किया जाता है, ताकि स्वाद और खुशबू का संतुलन बना रहे.
सब्जी से नॉनवेज तक बढ़ा देता है स्वाद
जीसी प्रसाद बताते हैं कि इस मसाले की खास पहचान यह है कि यह साधारण सब्जी को भी स्वादिष्ट बना देता है. घर की फीकी या सामान्य सब्जी में इसकी एक चुटकी डालने पर स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ जाते हैं. वहीं, नॉनवेज व्यंजनों में इसका इस्तेमाल करने पर खाना होटल जैसा स्वाद देने लगता है. कई ग्राहक इसे सूखे मसाले के रूप में खरीदते हैं, तो कुछ लोग इसे पिसवाकर गरम मसाले के रूप में इस्तेमाल करते हैं.
आज इस खास मसाले की कीमत करीब 500 रुपये प्रति किलो है. बदलते समय और बाजार की बढ़ती कीमतों के बावजूद जीसी प्रसाद का यह पारंपरिक स्वाद आज भी जमशेदपुर के लोगों के बीच अपनी अलग पहचान बनाए हुए है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें