झारखंड के गांवों में गर्मियों के मौसम में आज भी देसी और पौष्टिक भोजन को ज्यादा महत्व दिया जाता है. इन्हीं पारंपरिक व्यंजनों में नेनुआ की चटनी काफी पसंद की जाती है. गर्मियों में यह चटनी लगभग हर घर में बनाई जाती है. इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे गर्मी में शरीर को राहत मिलती है और पाचन भी बेहतर रहता है. नेनुआ की चटनी बनाना काफी आसान है. पहले नेनुआ को छीलकर धीमी आंच पर पकाया जाता है. इसके बाद प्याज, हरी मिर्च और लहसुन के साथ इसे मिलाकर तैयार किया जाता है. स्वाद बढ़ाने के लिए इसमें नमक और ऊपर से शुद्ध सरसों तेल डाला जाता है. गांवों में आज भी कई लोग इसे सिलबट्टे पर पीसकर बनाना पसंद करते हैं.
