11 गुफाएं, 9 मंदिर…श्रद्धा-पर्यटन का केंद्र; देवघर की ये पहाड़ी देखने देश...
Last Updated:April 28, 2026, 09:41 IST Best Religious Place To Visit In Deoghar: देवघर में यूं तो घूमने की कई जगहें हैं पर तपोवन पहाड़ की बात ही अलग है. ये स्थान लोगों के लिए पूज्यनीय है. यहां संकरी गुफाएं और मंदिर हैं. साथ ही ट्रैकिंग का अलग ही रोमांच मिलता है. ख़बरें फटाफट देवघर. झारखंड के देवघर में स्थित तपोवन पहाड़ हिंदू धर्म के श्रद्धालुओं के लिए आस्था और विश्वास का एक महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है. यह स्थान ऊंचे पहाड़ पर बसा हुआ है और अपनी प्राकृतिक खूबसूरती के साथ-साथ धार्मिक महत्व के लिए भी प्रसिद्ध है. तपोवन को ’11 गुफाओं और 09 मंदिरों की पहाड़ी’ के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि यहां एक ही स्थान पर कई प्राचीन गुफाएं और मंदिर मौजूद हैं. दूर-दूर से लोग यहां दर्शन करने और घूमने के लिए आते हैं. शांत वातावरण, ठंडी हवा और चारों तरफ फैली हरियाली इस जगह को और भी खास बना देती है. बेहद रहस्यमयी हैं यहां की गुफाएंतपोवन की गुफाएं यहां की सबसे बड़ी खासियत हैं. बाहर से देखने पर ये गुफाएं बेहद संकरी और छोटी लगती हैं, जिससे लगता है कि शायद इनमें प्रवेश करना आसान नहीं होगा. लेकिन जैसे ही लोग अंदर जाते हैं, उन्हें महसूस होता है कि इन गुफाओं में आसानी से जाया जा सकता है. अंदर का माहौल बिल्कुल अलग दुनिया जैसा लगता है, जहां शांति और सुकून का अनुभव होता है. यही वजह है कि पुराने समय में यह स्थान ऋषि-मुनियों और तपस्वियों की साधना का केंद्र रहा है. मान्यता है कि महर्षि वाल्मीकि ने भी यहां तप किया था, वहीं श्री बालानंद ब्रह्मचारी ने भी इसी स्थान पर साधना कर सिद्धि प्राप्त की थी. क्या कहते हैं स्थानीय लोगयहां के स्थानीय निवासी अमित कुमार बताते हैं कि यहां स्थित मंदिरों में भगवान शिव की विशेष पूजा होती है. पहाड़ पर बना तपो नाथ महादेव मंदिर श्रद्धालुओं के बीच खास महत्व रखता है, जहां लोग अपनी मनोकामनाएं लेकर आते हैं. इसके अलावा गुफाओं के भीतर हनुमान जी की प्रतिमा भी स्थापित है, जो भक्तों के लिए आकर्षण का केंद्र है. यहां की एक और अद्भुत चीज है पहाड़ में बनी एक बड़ी दरार, जिसके बीच हनुमान जी का मंदिर स्थित है. इस दरार को लेकर एक पौराणिक कथा भी प्रचलित है कि जब रावण यहां तप करने आया था, तब देवताओं के कहने पर रावण का तप भंग करने के लिए हनुमान जी ने अपने गदा के प्रहार से पहाड़ को तोड़ दिया, जिससे यह दरार बन गई. दो पत्थरों के दरारों के बीच है हनुमान मंदिरतपोवन के नीचे एक पवित्र जल कुंड भी मौजूद है, जिसे सीता कुंड कहा जाता है. मान्यता है कि माता सीता यहां स्नान करती थीं, इसलिए यह स्थान भी धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है. इसके साथ ही यह पूरा क्षेत्र प्राकृतिक रूप से बेहद सुंदर है, जहां पहाड़, गुफाएं और हरियाली मिलकर एक अनोखा दृश्य प्रस्तुत करते हैं. यही कारण है कि यहां न केवल श्रद्धालु, बल्कि पर्यटक भी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं और तपो नाथ महादेव मंदिर, हनुमान गुफा, सीता कुंड समेत कई जगहों का आनंद लेते हैं. देवघर से इतना दूर हैझारखंड के सबसे ऊंचे पर्वतों में स्थित तपोवन पहाड़ी में पवित्र जैन तीर्थ स्थल है. यहां तपोवन पर्वत के ऊपर कई प्राचीन मंदिर और गुफाएं हैं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. ऐसे में तपोवन पहाड़ियों में घूमने लायक जगहों में तपो नाथ महादेव मंदिर, हनुमान गुफा, सीता कुंड के साथ ही अन्य गुफाएं और पहाड़ियां हैं. जहां आप घूम सकते हैं. देवघर शहर से तपोवन पहाड़ की दूरी 10 किलोमीटर है. यहां पहुंचने के लिए आप देवघर से टैक्सी या ऑटो ले सकते हैं. जहां देवघर बस स्टैंड और देवघर रेलवे स्टेशन से भी तपोवन पहाड़ की दूरी 10 किलोमीटर है. इसके साथ ही नजदीकी एयरपोर्ट देवघर हवाई अड्डा रांची है. जहां से तपोवन पहाड़ की दूरी 15 किलोमीटर है. About the Author Raina Shukla बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें News18 न्यूजलेटर अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में सबमिट करें Location : Deoghar,Jharkhand First Published : April 28, 2026, 09:41 IST Source link

