Last Updated:
How to make caramelized tea at home: आपने आज तक अलग-अलग स्वाद की बहुत सी चाय ट्राई की होगी और इसी क्रम में एक बार कैरेमलाइज्ड चाय भी ट्राई करें. इसे बनाना बहुत आसान है और घर की सामान्य चीजों से ही यह तैयार होती है लेकिन स्वाद इतना अच्छा आता है कि बार-बार पीने का दिल करता है.
जमशेदपुर. भारत में चाय पीने के शौकीनों की कमी नहीं है. सुबह की शुरुआत हो या शाम की थकान दूर करनी हो, ज्यादातर लोगों को एक कप गर्मागर्म चाय पीना पसंद होता है. कई लोग तो खास चाय का स्वाद चखने के लिए कई किलोमीटर का सफर भी तय कर लेते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि घर पर भी आप एक अलग अंदाज में ऐसी चाय बना सकते हैं, जिसका स्वाद सामान्य चाय से काफी अलग होता है. इस चाय को बनाने का तरीका भी बेहद खास है. इसका नाम है कैरेमलाइज्ड चाय. चीनी को कैरेमलाइज करके बनाई जाने वाली इस चाय का स्वाद और खुशबू इसे खास बनाते हैं.
सबसे पहले चीनी को कैरेमलाइज करना है
इस चाय को बनाने के लिए सबसे पहले एक साफ सॉसपैन लें और उसे गैस पर चढ़ा दें. इसके बाद उसमें जरूरत के अनुसार चीनी डालें. अब धीमी आंच पर चीनी को गर्म होने दें. धीरे-धीरे चीनी पिघलने लगेगी और उसका रंग बदलकर हल्का सुनहरा भूरा होने लगेगा. यही इस चाय को खास स्वाद देने का सबसे महत्वपूर्ण तरीका है. हालांकि, ध्यान रखें कि चीनी को बहुत ज्यादा न जलाएं, वरना चाय का स्वाद कड़वा हो सकता है.
चायपत्ती और दूध डालकर करें तैयार
जब चीनी अच्छी तरह कैरेमलाइज हो जाए, तब उसमें चायपत्ती डालें और सावधानी से मिलाएं. इसके बाद जरूरत के हिसाब से दूध डालें और चाय को उबलने दें. दूध डालते समय सावधानी बरतें, क्योंकि गर्म कैरेमल में दूध डालने से छींटे पड़ सकते हैं. बेहतर होगा कि आंच धीमी रखें और दूध धीरे-धीरे डालें. इसके बाद चाय में कुटी हुई अदरक और इलायची डाल दें. अदरक की हल्की तीखापन और इलायची की खुशबू इस चाय के स्वाद को और बेहतर बना देती है.
खुशबू ऐसी कि पूरे घर में फैल जाएगी
अब चाय को कुछ देर तक धीमी आंच पर अच्छी तरह उबलने दें. इससे दूध, चायपत्ती, अदरक और इलायची का स्वाद अच्छी तरह मिल जाएगा. वहीं, कैरेमलाइज्ड चीनी चाय को एक अलग स्वाद देगी. जब चाय तैयार हो जाए, तो इसे छन्नी की मदद से कप में छान लें और गर्मागर्म परोसें. चाय बनाते समय इसकी खास खुशबू पूरे घर में फैलने लगती है, जो चाय पीने की इच्छा को और बढ़ा देती है.
एक बार जरूर ट्राई करें यह खास चाय
अगर आप रोजाना एक ही तरह की चाय पीकर बोर हो गए हैं, तो कैरेमलाइज्ड चाय आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है. इसे बनाने के लिए किसी खास मशीन या महंगी सामग्री की जरूरत नहीं है. घर में मौजूद चीनी, चायपत्ती, दूध, अदरक और इलायची से इसे आसानी से बनाया जा सकता है. शाम के समय परिवार के साथ बैठकर इस चाय का आनंद लिया जा सकता है. हालांकि, चीनी को कैरेमलाइज करते समय सावधानी जरूर बरतें, क्योंकि पिघली हुई चीनी बहुत गर्म होती है.
About the Author
Raina Shukla is an experienced journalist and content professional with nearly two decades of experience in print and digital media. She holds a Master’s degree in Mass Communication and Journalism from Bundelk…