![]()
भास्कर न्यूज | सरायकेला उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, पोषण सेवाओं, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और शिक्षा गतिविधियों और विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी सीडीपीओ व महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने और पूरक पोषाहार, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और शिक्षा गतिविधियों की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कुपोषित व अतिकुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने और गर्भवती महिलाओं व धात्री माताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया। बैठक में वीएचएसएनडी के नियमित आयोजन, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और वजन मापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निजी भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि चिन्हित कर स्थायी भवन निर्माण का प्रस्ताव भेजने और जर्जर केंद्रों की सूची तैयार करने को कहा गया। सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना एवं प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की समीक्षा करते हुए पात्र लाभुकों को शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में डिजिटल सत्यापन, अपार आईडी और आभा आईडी निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Source link