Last Updated:
Koderma Ovarian Tumor Successful Surgery: कोडरमा में एक महिला काफी लंबे समय से पेट दर्द से परेशान थीं और उनका पेट बड़ा होता जा रहा था. बाद में पता चला कि ये ओवेरियन ट्यूमर है. आर्यन हॉस्पिटल में डॉ. प्रवीण कुमार की टीम ने उनका ऑपरेशन किया और 9 किलो का ट्यूमर निकाला. महिलाओं को इन लक्षणों पर ध्यान देना चाहिए.
कोडरमा. कोडरमा जैसे छोटे जिले में जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा कर जिले में बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था का संदेश दिया गया है. जिले के चंदवारा प्रखंड के पूर्णाथम निवासी कलावती देवी को लंबे समय से पेट में असामान्य सूजन और तेज दर्द की शिकायत थी. शुरुआत में सामान्य बीमारी समझकर इलाज कराया गया, लेकिन धीरे-धीरे उनकी परेशानी बढ़ती चली गई.
पेट का आकार लगातार बढ़ने लगा और दर्द भी असहनीय हो गया. आखिरकार परिजनों ने उन्हें शहर के आर्यन हॉस्पिटल में भर्ती कराया. जहां जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला सामने आया. चिकित्सकीय जांच में पता चला कि उनके शरीर में करीब 9 किलो वजन का ओवेरियन ट्यूमर विकसित हो चुका है.
कई घंटे की सर्जरी के बाद पेट से निकला 9 किलो का ट्यूमर
मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार के नेतृत्व में ऑपरेशन की तैयारी शुरू की गई. डॉक्टर के अनुसार, ट्यूमर का आकार काफी बड़ा था, जिससे मरीज की स्थिति लगातार बिगड़ने की आशंका बनी हुई थी.
ऐसे में बिना देर किए सर्जरी करना जरूरी हो गया था. काफी जटिल माने जा रहे इस ऑपरेशन को डॉक्टरों की टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया. कई घंटे तक चली सर्जरी के दौरान मरीज के शरीर से करीब 9 किलो का ओवेरियन ट्यूमर निकाला गया. फिलहाल चिकित्सकों ने मरीज की हालत स्थिर और खतरे से बाहर बताई है.
महिलाओं को स्वास्थ्य जांच नियमित करानी चाहिए
सर्जन डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि कलावती देवी काफी समय से दर्द से पीड़ित थीं, लेकिन समय पर सही जांच नहीं होने के कारण समस्या बढ़ती चली गई. उन्होंने कहा कि महिलाओं में पेट दर्द, सूजन, कमजोरी, भूख कम लगना या पेट का असामान्य रूप से बढ़ना जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. शुरुआती जांच और सही इलाज से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है.
तुरंत लें डॉक्टर की सलाह
उन्होंने कहा कि ओवेरियन ट्यूमर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर समस्या है, जो कई बार शुरुआती चरण में सामान्य लक्षणों के कारण पकड़ में नहीं आ पाती. जागरूकता की कमी और नियमित स्वास्थ्य जांच नहीं कराने के कारण कई महिलाएं देर से अस्पताल पहुंचती हैं. उन्होंने महिलाओं से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेने की अपील की.
छोटे जिले में बड़ा ऑपरेशन, जिले के लिए बड़ी उपलब्धि
सफल सर्जरी के बाद मरीज के परिजनों ने राहत की सांस ली. परिवार के सदस्यों ने आर्यन हॉस्पिटल के डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया. परिजनों ने कहा कि डॉक्टरों की तत्परता और बेहतर इलाज के कारण ही मरीज को नई जिंदगी मिल सकी. क्षेत्र में इस सफल ऑपरेशन की चर्चा हो रही है. स्थानीय लोगों ने इसे चिकित्सा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताते हुए अस्पताल की टीम की सराहना की है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें