भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

‘आज तक नहीं किया सोशल मीडिया का इस्तेमाल’, ISC 2026 नतीजों में...


जमशेदपुर. जमशेदपुर ने एक बार फिर पूरे देश और दुनिया में अपनी पहचान मजबूत की है. ISC 2026 के परिणामों में सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा शांभवी तिवारी ने 12वीं में 100% अंक लाकर कंट्री टॉपर बनते हुए न सिर्फ अपने परिवार, बल्कि पूरे शहर और राज्य का नाम रोशन कर दिया है. हालांकि शांभवी की सफलता कोई अचानक मिली उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह उनकी वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है.

एक ही स्कूल से पूरी पढ़ाई
खास बात यह है कि उन्होंने लोअर किंडर गार्डन से लेकर 12वीं तक की पूरी पढ़ाई एक ही स्कूल से पूरी की. उनकी मां निभा सिन्हा, जो स्वयं एक शिक्षिका हैं, बताती हैं कि शांभवी बचपन से ही पढ़ाई में अव्वल रही है. ‘वह हमेशा से फर्स्ट आती रही है, कभी किसी चीज के लिए जिद नहीं की. संस्कारों में पली-बढ़ी शांभवी बड़ों का सम्मान करना और जानवरों से प्रेम करना अच्छी तरह जानती है.’

शांभवी की पढ़ाई के प्रति लगन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वह जिस दिन कोई चैप्टर शुरू करती थी, उसे खत्म किए बिना नहीं छोड़ती थी. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उसने आज तक सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं किया और कभी मोबाइल फोन के लिए जिद भी नहीं की.

इतना अच्छा रिजल्ट होगा, नहीं सोचा था
उनके पिता राकेश रमन, जो ऑल इंडिया रेडियो में प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव हैं, कहते हैं, ‘हमें उम्मीद थी कि रिजल्ट अच्छा होगा, लेकिन इतना शानदार होगा, यह नहीं सोचा था. शांभवी ने हमेशा सरल जीवन जिया और कभी किसी चीज की मांग नहीं की.’

घर में इस सफलता को लेकर खुशी का माहौल है. शांभवी खुद बताती हैं कि अब उनका पूरा ध्यान नीट की तैयारी पर है. परीक्षा के बाद वह अपने परिवार के साथ गांव जाने की योजना बना रही हैं, क्योंकि पिछले तीन सालों से वे कहीं बाहर नहीं गए हैं.

दादी के साथ उनका खास रिश्ता भी उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा है. दादी बताती हैं, ‘बचपन में वह खूब कहानियां सुनती थी और आज भी जब थक जाती है, तो मेरे पास आकर बैठती है और हम देर तक बातें करते हैं.’

कोर सब्जेक्ट्स में आए 100 में 100
अपने शानदार रिजल्ट के बारे में शांभवी बताती हैं कि उन्हें इंग्लिश, फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी में 100 में से 100 अंक मिले हैं, जबकि हिंदी में 99 अंक आए हैं. वह अपनी सफलता का श्रेय अपने स्कूल के शिक्षकों, प्रिंसिपल और स्टाफ को देती हैं. ‘अगर मुझे आधी रात में भी कोई डाउट होता था, तो टीचर्स पूरे उत्साह के साथ मेरी मदद करते थे,’ उन्होंने कहा.

सोशल मीडिया से दूर रहने का संदेश
नई पीढ़ी को संदेश देते हुए शांभवी कहती हैं कि ‘मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखें, मैंने आज तक इसका इस्तेमाल नहीं किया. शिक्षकों की बातों को ध्यान से सुनें और मन को शांत रखें. सफलता जरूर मिलेगी. उनको जरूरत पड़ती थी तो दादी या मां का मोबाइल यूज करती थी.’ भविष्य को लेकर उनका सपना साफ है. वह एम्स दिल्ली से पढ़ाई कर एक सफल डॉक्टर बनना चाहती हैं. उनका मानना है कि डॉक्टर बनकर वह लोगों के चेहरे पर मुस्कान ला सकती हैं और देश की सेवा कर सकती हैं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top