बिहार न्यूज: दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर से जब यह सवाल किया गया कि आप दिखने में तो खतरनाक नहीं, फिर लोग आपको ‘दबंग’ क्यों कह रहे हैं. सोशल मीडिया पर लग रहे इस आरोपों पर बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने खुलकर जवाब दिए हैं. उन्होंने कहा है कि उन पर या उनके पविार वार लग रहे इस तरह के सभी आरोप पूरी तरह से बेसलेस हैं. उन्होंने कहा कि अगर किसी शख्स को जमीन या किसी दूसरी तरह की गड़बड़ी को लेकर शिकायत है, तो वह संबंधित अधिकारियों से इस बाबत अपना पक्ष रख सकते हैं.
बीजेपी विधायक मैथिली ठाकुर ने कहा कि उनके पास उनकी जमीन और उस पर चल रहे निर्माण से जुड़े सभी जरूरी कागजात है. यदि किसी को किसी तरह की कोई शंका है तो वह किसी भी अधिकारी से उसकी जांच करा सकते हैं. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके परिवार को लेकर जिस तरह की बातें लिखी जा रही हैं, उन्हें पढ़कर उन्हें काफी खराब लग रहा है. गरीबों का हक छीनने की बात पर उन्होंने कहा कि मुझ पर या मेरे परिवार पर जो भी आरोप लगाए गए हैं, वे पूरी तरह से झूठे और बेसलेस है. अगर इससे जुड़ी कोई भी बात है तो वहां के अंचल अधिकारी, डीसीएलआर साहब या जो भी संबंधित अधिकारी हैं, उनसे पूछा जा सकता है.
मैथिली ठाकुर ने आगे कहा कि मेरे पास सभी दस्तावेज हैं. अगर कोई आरोप लगाया जा रहा है तो यह भी बताया जाए कि उस आरोप का आधार क्या है. बिना किसी ठोस आधार के इतने गंभीर शब्दों का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है. खास तौर पर भू-माफिया जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर उन्होंने पूछा कि आखिर इसका आधार क्या है.
गाड़ी खरीदने पर क्यों हो जाता है विवाद
जब विधायक मैथिली ठाकुर से पूछा गया कि सोशल मीडिया पर उनके बाहर जाने, गाड़ी खरीदने या दूसरी गतिविधियों को लेकर भी विवाद क्यों खड़ा किया जाता है? इस सवाल के जवाब पर उन्होंने कहा कि इस तरह के विवाद राजनीतिक जीवन का हिस्सा हैं. राजनीतिक जीवन की शुरुआत में इस तरह के आरोप और विवाद उन्हें परेशान करते थे, लेकिन अब धीरे-धीरे उन्हें समझ में आ रहा है कि यही उनके जीवन का हिस्सा है. हालांकि, अपनी बातचीत में उन्होंने यह साफ भी किया कि इस समय उनकी चिंता सोशल मीडिया पर होने वाली आलोचना नहीं, बल्कि गंभीर आरोपों को लेकर है. उन्होंने कहा कि अगर लोग इतने बड़े-बड़े शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं, भू-माफिया जैसे शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं तो उसका आधार क्या है? क्योंकि हर एक चीज बहुत क्लीन और क्लियर है.
अलीनगर विधानसभा क्षेत्र में ही बन रहा है घर
अपने निर्माणाधीन घर को लेकर उठ रहे सवालों पर मैथिली ठाकुर ने साफ किया कि पोखर बिंदा उनके अलीनगर विधानसभा क्षेत्र का ही हिस्सा है. उन्होंने कहा कि जिस इलाके में घर बनाया जा रहा है, वहां आम लोगों से उनका संपर्क भी बना रहेगा. उनका मकसद वहां रहकर लोगों की समस्याओं को सुनना है. उन्होंने कहा कि वहां जनता दरबार जैसा माहौल रहेगा, जहां लोग आकर अपनी समस्याएं रख सकेंगे. उन्होंने खुद को अलीनगर की बेटी बताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता से उनका गहरा लगाव है और अगर किसी को कोई परेशानी होती है तो वह उसे सुनने के लिए खुद खड़ी रहेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि मैं वहां पर घर परिवार की एक बेटी की तरह रहूंगी, अलीनगर की बेटी की तरह रह रही हूं. क्षेत्र की जनता से मुझे बहुत प्यार है, बहुत लगाव है. अगर आपको कहीं भी कोई तकलीफ होती है तो सुनने के लिए भी मैं ही खड़ी हूं. मेरा पूरा परिवार एक तरीके से खड़ा है.
आरोप लगाने वालों से सबूत मांगना गलत नहीं
मैथिली ठाकुर ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को उनके या उनके परिवार से जुड़ी किसी बात पर शिकायत है तो वह उसे संबंधित अधिकारियों के सामने रख सकता है. उन्होंने कहा कि आम लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई के लिए व्यवस्था मौजूद है. अधिकारियों को यह नहीं देखना चाहिए कि शिकायत किसी विधायक, सांसद या किसी अन्य व्यक्ति के खिलाफ है. उन्होंने मुख्यमंत्री के जनता दरबार या शिकायत शिविर की व्यवस्था की तारीफ करते हुए कहा कि इस तरह की व्यवस्था का सकारात्मक पक्ष यह है कि आम आदमी अपनी शिकायत सीधे सामने रख सकता है. अधिकारी उस पर कार्रवाई कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि अगर उनके खिलाफ कोई गंभीर आरोप लगाया जा रहा है तो वह चाहती हैं कि उसकी निष्पक्ष जांच हो. लेकिन आरोप लगाने वाले के पास भी उसका आधार और सबूत होना चाहिए.
दबंग और गुंडा जैसे शब्द देखकर हैरानी होती है
विधायक मैथिली ठाकुर ने सोशल मीडिया पर अपने लिए इस्तेमाल किए जा रहे शब्दों को लेकर कहा है कि पिछले दो दिनों से वह कई इंस्टाग्राम पोस्ट देख रही हैं, जिनमें उनके लिए ‘दबंग’, ‘म्यूजिक’ और ‘गुंडा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि वह खुद को जानती हैं, उनका परिवार उन्हें जानता है. उनके क्षेत्र के लोग भी उनके व्यक्तित्व और व्यवहार से परिचित हैं. इसलिए इस तरह के शब्द उन्हें एक तरफ हैरान करते हैं तो दूसरी तरफ कुछ हद तक अम्यूजिंग भी लगते हैं.