Last Updated:
Bokaro Ka Helicopter Wala Ghar: बोकारो का हेलीकॉप्टर वाला घर आजकल सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है. दरअसल चंद्रपुरा प्रखंड के झरना बस्ती के जमुना प्रसाद महतो को बचपन से हेलीकॉप्टर का बहुत शौक था. जब उन्होंने घर बनवाया तो अपनी छत पर सीमेंट से हेलीकॉप्टर की आकृति तैयार करवायी जिस पर 50 हजार खर्च आया. आज उनके इस घर को देखने लोग दूर-दूर से आते हैं और यहां सेल्फी भी लेते हैं.
बोकारो. बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड के झरना बस्ती इन दिनों एक अनोखी वजह से खूब चर्चा में है. यहां एक घर की छत पर बना विशाल हेलीकॉप्टर लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है, और इस हेलीकॉप्टर की तस्वीरें और वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसके बाद दूर-दूर से लोग इस अनोखे घर को देखने पहुंच रहे हैं और सेल्फी ले रहे हैं और साथ में फोटो खिंचवा रहे हैं.
वहीं इस अनोखी पहल के पीछे घर के मालिक जमुना प्रसाद महतो हैं. उन्होंने बताया कि उन्हें बचपन से ही हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर के प्रति विशेष लगाव रहा है और इसी दीवानगी को साकार करने और अपने घर को बाकी घरों से अलग पहचान देने के उद्देश्य से उन्होंने घर की छत पर हेलीकॉप्टर का निर्माण कराया है.
50 हजार में बना छत पर हेलीकॉप्टर
साल 2022 में जब वह अपना घर बनवा रहे थे, तभी उन्होंने छत पर हेलीकॉप्टर बनाने का निर्णय लिया था. इस हेलीकॉप्टर के निर्माण में लगभग 50 हजार रुपये की लागत आई है और इसकी लंबाई करीब 12 फीट है. सीमेंट से बने इस हेलीकॉप्टर में पंखे, टायर जैसी आकृतियां भी तैयार की गई हैं, जिससे यह हूबहू असली हेलीकॉप्टर जैसा दिखाई देता है.
वहीं उनके इस अनोखे विचार पर शुरुआत में परिवार के लोगों को थोड़ा अलग लगा, लेकिन फिर परिवार के हर सदस्य ने हर कदम पर उनका साथ दिया और आज यही हेलीकॉप्टर पूरे इलाके की पहचान बन चुका है.
सोशल मीडिया पर वायरल घर
वहीं स्थानीय निवासी रोशन महतो बताते हैं कि पिछले कुछ समय से यह घर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और आसपास के गांवों और शहरों से लोग यहां पहुंच रहे हैं. कई लोग हेलीकॉप्टर वाली छत के साथ फोटो और सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रहे हैं. उन्होंने घर भी बहुत सुंदर बनाया है. कुल मिलाकर बोकारो के घर में किया गया यह प्रयोग आज खूब चर्चा का विषय बना है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें