.
राजधानी में अवैध निर्माण के खिलाफ रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (आरआरडीए) की कार्रवाई जारी है। पिछले एक माह में अवैध निर्माण से जुड़े 78 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बावजूद कई भवन निर्माणकर्ता आरआरडीए के न्यायालय में सुनवाई के दौरान उपस्थित नहीं हो रहे हैं। बार-बार नोटिस जारी होने के बाद भी कोर्ट में हाजिर नहीं होने वाले निर्माणकर्ताओं के खिलाफ अब एकपक्षीय कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। इस संबंध में आरआरडीए उपाध्यक्ष के न्यायालय ने 32 प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया है। सभी को दो दिसंबर को निर्धारित सुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित तिथि पर प्रतिवादी उपस्थित नहीं होते हैं, तो उनके खिलाफ एकपक्षीय आदेश पारित किया जाएगा।
ऐसी स्थिति में प्रतिवादियों को अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं मिल पाएगा और न्यायालय उपलब्ध तथ्यों एवं दस्तावेजों के आधार पर मामले में निर्णय ले सकता है। आरआरडीए की ओर से जारी नोटिस में राजधानी के अलग-अलग इलाकों में निर्माण कराने वाले लोगों के साथ कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के नाम भी शामिल हैं। इनमें होटल रॉयल पैलेस, जायसवाल लॉज, प्रभाती टावर, सत्य साईं इन्क्लेव और किसान कॉम्प्लेक्स जैसे प्रतिष्ठान शामिल हैं। नोटिस पाने वालों में गेतलसूद, बालालौंग, सुकुरहुट्टू, होटवासी, चुटु, टाटीसिलवे, सपारोम, कटहल मोड़, कांठीटांड़, ओरमांझी, मेसरा, नेवरी और नामकुम क्षेत्र के निर्माणकर्ता शामिल हैं।
आरआरडीए की इस कार्रवाई को अवैध निर्माण के मामलों में लंबित सुनवाई को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अशोक सिंह (गेतलसूद), होटल रॉयल पैलेस (खिजरी, नामकुम), शंकर प्रजापति (बालालौंग), सोमरी देवी (सुकुरहुट्टू), मुकेश कुमार (होटवासी), सत्या प्रकाश (चुटु रिंग रोड), जायसवाल लॉज (टाटीसिलवे, खेलगांव रोड), मनोज अग्रवाल (सपारोम), प्रकाश कुमार (सदाबहार चौक), सतीश कुमार (सत्य साईं इन्क्लेव, महुआ टोली), विनोद लाल ठाकुर (बालालौंग), राहुल कुमार (होचर रिंग रोड), सुनील सिंह (प्रभाती टावर, कटहल मोड़), संजय कुमार गोयल (कांठीटांड़ चौक), विद्या सागर (सेम्बो, रिंग रोड), मनोज साहू (सुकुरहुट्टू), शिव नारायण साहू (किसान कॉम्प्लेक्स, शास्त्री चौक, ओरमांझी), घनश्याम पांडेय (लालगुटवा, कटहल मोड़), अजय अग्रवाल (कटहल मोड़), रेणुबाला (वैष्णो देवी नगर, अरगोड़ा), मनोज कुमार (नेवरी, मेसरा), राहुल तिवारी (ब्रह्मपुत्र इन्क्लेव, शाहदेव नगर, खिजरी), कुंज विहार (रुदिया), रंजीत कुमार (गुटवा, कटहल मोड़, दलादिली रोड), सुभाष कुमार (गेतलातू), मनीष (रिंग रोड, मालती), पंचम कुमार (वर्ल्ड फर्नीचर, कांठीटांड़ चौक), अरूप कुमार सिंह (गुटवा), धनेश प्रसाद (ओरमांझी), अनिल सिंह (सपारोम), संजय सिंह (बरगांवा, नामकुम) और मो. जमशेद (सिमलिया)।