भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

कल का मौसम 29 नवंबर: दिल्ली-यूपी से लेकर पंजाब तक कल घना...


नवंबर का महीना अब खत्म होने को है और अब ठंड ने दस्तक देनी शुरू कर दी है. हालांकि नवंबर के आखिरी रविवार देश के कई हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल सकते हैं. कहीं सुबह की शुरुआत कोहरे की चादर के साथ होगी, तो कहीं बारिश और गरज-चमक लोगों को सताने वाली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, कल यानी 29 नवंबर को दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है. वहीं, दक्षिण भारत के राज्यों और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है.

मौसम विभाग ने कल अंडमान-निकोबार में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी कुछ जगहों पर बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश की आशंका है. वहीं उत्तर भारत में कोहरे के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की सकती है.

दिल्ली-NCR में सुबह धुंध, दिन में साफ रहेगा आसमान

दिल्ली-NCR में रविवार को मौसम मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है, लेकिन सुबह के समय धुंध और कोहरा लोगों की रफ्तार पर ब्रेक लगा सकता है. मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह कई जगहों पर धुंध या हल्का कोहरा और कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है. ऐसे में सुबह जल्दी घर से निकलने वाले लोगों और वाहन चालकों को खासी सावधानी बरतने की जरूरत होगी.

दिल्ली में अगले सात दिनों तक रात के तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है. 29 नवंबर को अधिकतम तापमान भी लगभग स्थिर रहेगा, लेकिन इसके बाद दिन के पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है, जिससे दिन में भी हल्की ठंडक महसूस होगी. फिलहाल राजधानी में बारिश की कोई संभावना नहीं है.

यूपी में घने कोहरे का आसार

उत्तर प्रदेश में 29 नवंबर की सुबह कई इलाकों में घना कोहरा छाने के आसार हैं. मौसम विभाग ने राज्य में अलग-अलग स्थानों पर घने कोहरे की चेतावनी जारी की है. सुबह कम दृश्यता के कारण हाईवे और सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है, इसलिए वाहन चालकों को धीमी गति से चलने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है.

आईएमडी के मुताबिक, यूपी में सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति 30 नवंबर तक बनी रह सकती है. हाल के दिनों में राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया है और अगले इसमें और गिरावट दर्ज की जा सकती है.

उत्तराखंड में करवट लेगा मौसम

उत्तराखंड में 29 नवंबर को किसी बड़े मौसमी बदलाव या बारिश का विशेष अलर्ट नहीं है. लेकिन दिसंबर की शुरुआत में पहाड़ों का मौसम करवट ले सकता है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से 3 और 4 दिसंबर को उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, 2 दिसंबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के इलाकों में भी मौसम बदलेगा. ऐसे में पहाड़ों पर रहने वाले लोगों और पर्यटकों को मौसम के अगले अपडेट पर नजर रखनी चाहिए.

बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग की तरफ से जारी ताजा बुलेटिन में बिहार के लिए 29 नवंबर को बारिश, गरज-चमक या तेज हवाओं का कोई विशेष अलर्ट नहीं दिया गया है और मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत भी नहीं हैं. उत्तर भारत के कई राज्यों में सुबह कोहरा जरूर छा रहा है, लेकिन बिहार के लिए घने कोहरे की अलग से चेतावनी दर्ज नहीं है. इसी तरह झारखंड में भी 29 नवंबर के लिए बारिश या आंधी-तूफान का कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं हुआ है.

अंडमान-निकोबार में बारिश के साथ तेज हवाएं

अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में 29 नवंबर को मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. यहां कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. यहां 29 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के बाद, 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने 30 नवंबर और 1 दिसंबर को भारी बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे (झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक) की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई है. 2 दिसंबर को भी तेज हवाओं का असर बना रह सकता है.

तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में बारिश का सिलसिला

दक्षिण भारत के कई हिस्सों में 29 नवंबर को बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने के साथ गरज के आसार हैं. इन इलाकों में 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक रुक-रुककर बारिश हो सकती है. केरल और माहे में भी इसी अवधि के दौरान बारिश की संभावना है. लक्षद्वीप में 28 और 29 नवंबर को कई जगहों पर बारिश हो सकती है और 29 नवंबर को बिजली गिरने की भी आशंका है. इसके अलावा 30 नवंबर और 2 से 4 दिसंबर के बीच भी लक्षद्वीप में बादल बरस सकते हैं.

आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी बरसेंगे बादल

तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 28 नवंबर से 4 दिसंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. तटीय कर्नाटक में 28 नवंबर को बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 28 नवंबर और 2 से 3 दिसंबर के दौरान कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है. उधर, पश्चिम और मध्य भारत में अगले एक हफ्ते तक किसी बड़ी मौसमी गतिविधि के संकेत नहीं हैं, हालांकि महाराष्ट्र में अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है.

सीकर में 6.2 डिग्री, कोझिकोड में सबसे ज्यादा तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 28 नवंबर को मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान राजस्थान के सीकर में 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 27 नवंबर को देश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान केरल के कोझिकोड में 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश-यनम और रायलसीमा में कई स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस से भी ज्यादा नीचे दर्ज किया गया.

मौसम विभाग के अनुसार, 2 दिसंबर की रात से आने वाले नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते 3 और 4 दिसंबर को हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश हो सकती है, जबकि 4 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के आसार हैं. फिलहाल अगले सात दिनों तक देश में शीतलहर या कोल्ड डे जैसी स्थिति बनने का अनुमान नहीं है, लेकिन उत्तर भारत में सुबह का घना कोहरा लोगों की परेशानी जरूर बढ़ा सकता है.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top