![]()
भास्कर न्यूज | केतार श्री बंशीधर नगर अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर मिर्धा के निर्देश पर बुधवार को केतार प्रखंड के दासीपुर गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। दंडाधिकारी सह भवनाथपुर अंचल अधिकारी शंभू राम पुलिस, केतार बीडीओ प्रशांत कुमार, थाना प्रभारी अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सरकारी भूमि पर बने भवन को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की मदद से गैर मजरुआ भूमि (खाता संख्या 255, प्लॉट संख्या 774) पर बने अवैध भवन की दीवार को तोड़कर ध्वस्त कर दिया गया। इससे पहले अतिक्रमणकारियों और प्रशासन के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। विरोध स्वरूप एक महिला जेसीबी मशीन के बैकेट पर बैठ गई, जिसे महिला थाना प्रभारी रूक्मिणी कुमारी एवं महिला पुलिस बल ने समझा-बुझाकर हटाया। इसके बाद प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमित भूमि को खाली कराया। पूरी कार्रवाई के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। गौरतलब है कि इससे पहले भी दो बार प्रशासन के द्वारा अतिक्रमण मुक्त कराने का प्रयास किया था। मौके पर केतार अंचल अधिकारी प्रशांत कुमार, थाना प्रभारी अरुण कुमार रवानी, भवनाथपुर थाना प्रभारी राज निरंजन, खरौंधी थाना प्रभारी, सीआई सुलेमान अंसारी, राजस्व उपनिरीक्षक प्रकाश कुमार, अमीन रवि तिवारी सहित कई अधिकारी मौजूद थे।
Source link