![]()
कोडरमा जिले में शनिवार दोपहर कोयला लदे ट्रक ने पुलिस वैन बोलेरो को टक्कर मार दी। बोलेरो मदनगुंडी पुल के पास पलट गई। उसमें सवार जवानों को हल्की चोटें आईं। ट्रक और उसके चालक को बाद में पकड़ लिया गया। यह घटना रांची-पटना मुख्य मार्ग के एनएच-20 पर चंदवारा थाना क्षेत्र में हुई। चंदवारा पुलिस मदनगुंडी टोल प्लाजा के पास वाहन जांच कर रही थी। थाना प्रभारी प्रेम कुमार ने बताया कि पुलिस कई दिनों से अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ जांच अभियान चला रही है। रुकने के बजाए ट्रक से मारी टक्कर इसी दौरान हजारीबाग जिले के बरही की ओर से कोडरमा आ रहे कोयला लदे ट्रक को पुलिस ने रोकने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक, चालक ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और बोलेरो को टक्कर मार दी। मदनगुंडी पुल के मोड़ पर संतुलन बिगड़ने से बोलेरो सड़क किनारे पलट गई। आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बोलेरो में फंसे जवानों को बाहर निकाला। घायल जवानों को प्राथमिक इलाज के लिए पास के स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, सभी जवान खतरे से बाहर हैं और उन्हें हल्की खरोंचें आई हैं। तिलैया पुलिस ने ट्रक और चालक को तिलैया थाना क्षेत्र के सुभाष चौक के पास पकड़ा। पुलिस ट्रक में लदे कोयले के कागजात जांच रही है और चालक से पूछताछ कर रही है।
Source link