भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

कौशल चौधरी का साला, भाई-बहन का गिरोह में ‘एचआर’ का रोल कौन...


गुरुग्राम. हरियाणा पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद कौशल-बंबीहा गिरोह के एक सक्रिय सदस्य गौरव गडोली को गिरफ्तार किया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

अधिकारी ने बताया कि वर्ष 2026 में हरियाणा एसटीएफ द्वारा सफलतापूर्वक कराया गया यह 13वां प्रत्यर्पण है.

एसटीएफ के अनुसार, गौरव गैंगस्टर कौशल चौधरी का साला है. वह विदेश में बैठकर गिरोह के लिए रंगदारी वसूली, आपराधिक साजिश और अन्य संगठित आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने में मुख्य भूमिका निभा रहा था. अधिकारी ने बताया कि गौरव 2023 में भारत से भाग गया था. उसे हरियाणा पुलिस द्वारा स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी), केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), नयी दिल्ली और विदेश मंत्रालय (एमईए) के साथ ‘सक्रिय और निरंतर समन्वय’ के माध्यम से सोमवार को प्रत्यर्पित कराया गया.

इससे पहले 10 अप्रैल को कौशल-बंबीहा गिरोह के ही एक अन्य सहयोगी साहिल चौहान को थाईलैंड से प्रत्यर्पित किया गया था, जिसके खिलाफ जघन्य अपराधों के 16 मामले दर्ज थे. पिछले तीन वर्षों से गौरव विदेश में बैठे गैंगस्टर पवन शौकीन के लिए ‘डब्बा कॉल्स’ (रंगदारी के लिए की जाने वाली कॉल जिनका कोई सुराग नहीं होता) की सुविधा प्रदान कर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में कई आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था.

अधिकारी ने बताया कि गौरव की बहन मनीषा गैंगस्टर कौशल चौधरी की पत्नी है और उसके भी गिरोह में ‘सक्रिय सहयोगी’ होने का संदेह है.

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि पिछली जांचों के दौरान यह खुलासा हुआ था कि गौरव और मनीषा गिरोह में नए लड़कों की भर्ती करने और उसके वित्तीय नेटवर्क को संभालने में प्रमुख भूमिका निभाते थे. एसटीएफ के मुताबिक, गैंगस्टर द्वारा पूर्व में की गई यात्राओं से पता चला है कि वह 30 नवंबर 2023 को साहिल यादव के नाम से फर्जी तरीके से बनवाए गए पासपोर्ट का इस्तेमाल कर लखनऊ हवाई अड्डे से दुबई भाग गया था.

आरोपी के खिलाफ रंगदारी, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम और संगठित अपराध समेत कुल छह मामले दर्ज हैं.

हरियाणा एसटीएफ के आईजी बी. सतीश बालान ने कहा, ‘इस कुख्यात गैंगस्टर को 14 अक्टूबर 2022 को भगोड़ा घोषित किया गया था और उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया था. विभिन्न केंद्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से आरोपी को सफलतापूर्वक खोजा गया, हिरासत में लिया गया और दुबई से प्रत्यर्पित कराया गया.’ उन्होंने कहा कि गौरव का सफल प्रत्यर्पण संगठित अपराध के खिलाफ जारी कार्रवाई में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है और इस तरह के अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top