![]()
लोकसभा में गुरुवार को खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पारित हो गया। JMM ने इसे काला कानून बताया है। इसके बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र सरकार को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने X पर लिखा, “झारखंड ऐसा बड़ा आंदोलन करेगा, जिसे पूरा देश देखेगा।” उन्होंने आगे लिखा, “खनिज झारखंड का, जमीन झारखंड की, तो हमारे हक-अधिकार का फैसला दिल्ली क्यों करेगी?” इसी पोस्ट में मुख्यमंत्री सोरेन ने आंदोलन की वजह भी बताई। उन्होंने लिखा, लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में जल्दबाजी में खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पारित कराकर केंद्र सरकार ने झारखंड के हाथ-पैर काटने का काम किया है। अब CM सोरेन का पूरा पोस्ट पढ़िए… यह काला बिल झारखंड और झारखंडियों के साथ अन्याय है। यह उनके विकास और भविष्य पर बहुत बड़ा कुठाराघात है। झारखंड यह सौतेला व्यवहार नहीं सहेगा। झारखंड में करोड़ों लोगों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी मईयां सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना, पेंशन, शिक्षा, स्वास्थ्य आदि योजनाएं बंद होने के कगार पर आ जाएंगी। झारखंड मुक्ति मोर्चा इसका पुरजोर विरोध करता है। अगर केंद्र सरकार ने यह काला बिल वापस नहीं लिया, तो झारखंड ऐसा बड़ा आंदोलन करेगा, जिसे पूरा देश देखेगा। प्रत्येक जिला, प्रत्येक प्रखंड, प्रत्येक पंचायत और प्रत्येक शहर में इसका कड़ा विरोध किया जाएगा।
Source link