भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

खरना के लिए पलामू में दूध की मांग बढ़ी:2.5 लाख लीटर खपत...




छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना को लेकर पलामू में दूध की मांग अचानक बढ़ गई। खरना का प्रसाद बनाने के लिए सुबह से ही दूध की दुकानों, डेयरी स्टॉल और खटालों पर खरीदारों की भीड़ जुटने लगी। जिले में पर्व के दौरान करीब ढाई लाख लीटर दूध की खपत होने का अनुमान है। दूध कारोबारियों के अनुसार, सामान्य दिनों की तुलना में मांग 2 से 3 गुना तक बढ़ गई है। इस बीच शनिवार को दूध के कारोबार ने करीब डेढ़ करोड़ रुपए का आंकड़ा छू लिया। लोग स्टील के केन, बाल्टियों और बड़े बर्तनों में दूध खरीदकर घर ले जाते दिखे। कई परिवारों ने पहले से ही दूध की व्यवस्था कर ली थी। कुछ लोगों ने करीब एक सप्ताह पहले ही दुकानदारों के पास बुकिंग करा दी थी। छठ व्रतियों के घरों में खरना के प्रसाद की तैयारी को लेकर सुबह से ही हलचल रही। व्रतियों के लिए दूध की विशेष व्यवस्था, आम ग्राहकों को पैकेट दूध छठ के दौरान दूध की उपलब्धता बनाए रखने के लिए कारोबारियों ने विशेष व्यवस्था की थी। घरों तक रोज दूध पहुंचाने वाले कई दूध विक्रेताओं ने शनिवार को प्राथमिकता के आधार पर छठ व्रतियों को दूध उपलब्ध कराया। जिन घरों में छठ पूजा नहीं हो रही है, वहां चाय और कॉफी के लिए पैकेट वाले दूध का इस्तेमाल किया गया। दूध की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की कतार लगी रही। कई लोग अपनी जरूरत के अनुसार पहले से बर्तन लेकर पहुंचे थे। स्थानीय खटालों और पशुपालकों के यहां भी दूध की बिक्री में तेजी आई। व्रतियों के परिजन खरना का प्रसाद बनाने के लिए पर्याप्त मात्रा में दूध खरीदते नजर आए। किराना दुकानों और चाय की दुकानों पर भी पैकेट दूध की मांग बढ़ गई। डेयरी कंपनियों ने बढ़ाई आपूर्ति, फिर भी कुछ जगह कम पड़ा दूध बढ़ती मांग को देखते हुए डेयरी कंपनियों ने पहले से अतिरिक्त इंतजाम किए थे। आम दिनों के मुकाबले 2 से 3 गुना से अधिक दूध मंगाया गया। आशीर्वाद, मेधा, ओसम और अमूल जैसी कंपनियों के दूध के स्टॉल विभिन्न स्थानों पर लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर सुबह से ही खरीदारों की आवाजाही बनी रही। पैकेट दूध के साथ स्थानीय उत्पादकों के दूध की भी अच्छी बिक्री हुई। हालांकि, अतिरिक्त आपूर्ति के बावजूद शहरी क्षेत्र के कुछ डिस्ट्रीब्यूटरों ने मांग के मुकाबले कम दूध मिलने की बात कही। उनका कहना था कि कंपनी की ओर से भेजी गई मात्रा खरीदारों की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त नहीं थी। इसके बावजूद कारोबारियों ने उपलब्ध दूध को व्यवस्थित तरीके से बेचने का प्रयास किया। दूध की बढ़ी मांग का असर पूरे बाजार में दिखाई दिया। शाम को खरना का प्रसाद ग्रहण करेंगे व्रती छठ महापर्व के दूसरे दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखकर शाम को खरना करेंगे। इसके लिए घरों में साफ-सफाई और प्रसाद बनाने की तैयारियां की गई हैं। व्रती स्नान करने के बाद भगवान सूर्य की पूजा करेंगे। इसके बाद गुड़ से बनी खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। इस दौरान वे अन्न और जल ग्रहण नहीं करेंगे। छठ महापर्व में खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। इसी वजह से इस दिन दूध की मांग सबसे अधिक बढ़ जाती है। पलामू में दूध की खरीदारी और कारोबार में आई तेजी से बाजार में भी पर्व का उत्साह साफ दिखाई दिया।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top