Last Updated:
Bokaro Success Story: बोकारो की सिंपी अग्रवाल बच्चों के लिए समोसा, पानीपुरी, बर्गर और चॉकलेट जैसी फूड थीम राखियां बना रही हैं. लॉकडाउन में शुरू हुआ यह काम अब सोशल मीडिया से 50 से अधिक ऑर्डर पा रहा है. इस बिजनेस से वह घर बैठे बंपर कमाई कर रही हैं.
बोकारो: रक्षाबंधन पर अगर आप बच्चों के लिए इस बार कुछ हटकर और यूनिक राखी खरीदने की सोच रहे हैं, तो बोकारो की चास निवासी सिंपी अग्रवाल की हैंडमेड राखियां आपको जरूर पसंद आएंगी. सिंपी बच्चों के लिए समोसा, पानीपुरी, बर्गर और चॉकलेट जैसी दिखने वाली आकर्षक फूड थीम राखियां तैयार कर रही हैं. इसकी सबसे खास बात यह है कि पहली नजर में ये राखियां बिल्कुल खाने की चीजों जैसी नजर आती हैं. इसके अलावा वह लड़कियों के लिए हेडफोन डिजाइन और भैया-भाभी के लिए कढ़ाई वाली लुंबा राखियां भी बना रही हैं.
लॉकडाउन में शुरू हुआ सफर
सिंपी बताती हैं कि हैंडमेड राखी बनाने का आइडिया उन्हें कोरोना और लॉकडाउन के दौरान आया. उस समय वह अपने भाई के लिए बाहर से राखी नहीं खरीद पाई थीं. ऐसे में उन्होंने घर पर ही अपने भाई के लिए एक राखी तैयार की. यह राखी परिवार को काफी पसंद आई. इसके बाद उन्होंने हैंडमेड आइटम और होम डेकोरेशनसे से छोटे बिजनेस के रूप में शुरू किया. वर्तमान में सोशल मीडिया और इंस्टाग्राम के जरिए उनके बनाए प्रोडक्ट लोगों तक पहुंचने लगे और अब उन्हें हर महीने The Creative Stop Fancy Store’ इंस्टाग्राम के जरिए 50 से अधिक ऑर्डर मिल रहे हैं.
समोसा से लेकर चॉकलेट राखी की है वैरायटी
रक्षाबंधन को खास बनाने के लिए सिंपी ने इस बार बच्चों को ध्यान में रखते हुए फूड थीम वाली राखियां तैयार की हैं. इनमें बर्गर, पानीपुरी, समोसा और चॉकलेट डिजाइन की राखियां शामिल हैं. इनकी खासियत यह है कि इन्हें इतनी बारीकी से तैयार किया गया है कि यह देखने में ये काफी हद तक असली फूड आइटम जैसी लगती हैं. इन फूड थीम राखियों की कीमत महज 25 रुपये से शुरू होती है. वहीं, लड़कियों के लिए उन्होंने हेडफोन डिजाइन वाली राखियां भी तैयार की हैं, जिनकी कीमत करीब 60 रुपये है और भैया-भाभी के लिए कढ़ाई वाली लुंबा राखी कीमत 50 रुपये से शुरू होती है. सिंपी के मुताबिक, वह रोजाना करीब 1 घंटे में लगभग 10 राखियां तैयार कर लेती हैं. ऑर्डर बढ़ने पर वह इसी काम को और बड़े स्तर पर ले जाने की तैयारी कर रही हैं.
पति का मिलता है पूरा सहयोग
इस छोटे से बिजनेस को आगे बढ़ाने में सिंपी के पति मनीष भी उनका पूरा सहयोग करते हैं. सिंपी बताती हैं कि परिवार के सहयोग और सोशल मीडिया की मदद से वह घर बैठे अपने हुनर को कमाई का जरिया बना पा रही हैं और भविष्य में वह अपने काम को और बड़ा कर अधिक लोगों तक पहुंचाना चाहती हैं.
महिलाओं को दिया आत्मनिर्भर बनने का संदेश
सिंपी का कहना है कि महिलाओं को अपने हुनर को सिर्फ शौक तक सीमित नहीं रखना चाहिए. अगर किसी के पास कोई कला या हुनर है, तो छोटे स्तर से भी अपना काम शुरू किया जा सकता है. सोशल मीडिया के इस दौर में घर बैठे अपने प्रोडक्ट को ग्राहकों तक पहुंचाना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…
और पढ़ें