Last Updated:
तमिलनाडु के थानियामंगलम में लापता सात वर्षीय मुथुवेल का शव बरामद हो गया है. खेल-खेल में दुर्घटनावश हुई मौत को छिपाने के आरोप में पुलिस ने संध्या नामक महिला को गिरफ्तार किया है. मुथुवेल अपने दोस्त के साथ खेल रहा था तभी खेल-खेल में दोस्त ने उसकी गर्दन में रस्सी कस दी. इससे उसकी मौत हो गई. फिर उसके दोस्त की मां अपने बेटे को बचाने के लिए मुथुवेल का शव छिपा दिया.
(सांकेतिक तस्वीर)
तमिलनाडु के थानियामंगलम में लापता हुए सात वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को बताया कि बच्चे की मौत को हादसा बताकर छिपाने की कोशिश करने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि विस्तृत जांच में पता चला कि बच्चा एक अन्य लड़के के साथ खेल रहा था और उसी समय दुर्घटनावश उसकी मौत हो गई. बाद में दूसरे लड़के की मां ने घटना को छिपाने के लिए बच्चे का शव ठिकाने लगा दिया.
मृतक की पहचान मुथुवेल के रूप में हुई है. वह रविवार सुबह करीब 11 बजे पास के एक मंदिर के नजदीक खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन शाम चार बजे तक वापस नहीं लौटा. इसके बाद उसकी मां ने कीलावलावु पुलिस थाने में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मदुरै जिले के पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का दौरा किया और रातभर तलाशी के लिए 90 पुलिसकर्मियों की पांच विशेष टीम तैनात कीं. सोमवार को तलाशी दलों ने एक स्थानीय निवासी के खाली पड़े मकान से मुथुवेल का शव बरामद किया.
पुलिस ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और श्वान दस्ते को तैनात किया गया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल भेज दिया गया. जांच में पता चला कि मुथुवेल मंदिर के समीप पड़ोस में रहने वाले 10 वर्षीय लड़के के साथ खेल रहा था. इसी दौरान लड़के ने खेल-खेल में मुथुवेल की गर्दन में रस्सी कस दी.
पुलिस के अनुसार, मुथुवेल ने भागने की कोशिश की, लेकिन उसे चक्कर आने लगा और वह मंदिर की दीवार से टकरा गया, जिससे उसके आगे के दांतों में चोट लग गई. इसके बाद वह पानी मांगने के लिए दूसरे लड़के के घर गया, जहां नाबालिग की मां संध्या (32) के सामने ही वह गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई. पुलिस ने बताया कि अपने बेटे को कार्रवाई से बचाने के डर से संध्या ने साक्ष्य मिटाने के इरादे से शव को खाली पड़े मकान में छिपा दिया. पुलिस के अनुसार नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा, जबकि संध्या को शव छिपाने और साक्ष्य नष्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
About the Author
पत्रकारिता की दुनिया में करीब 23 साल का अनुभव. देश-दुनिया से लेकर कारोबार तक की खबरों पर लगातार नजर. खबर को सिर्फ सूचना के तौर पर नहीं, बल्कि उसके पीछे छिपी कहानी और उसके असर के साथ समझने की कोशिश. यही पहचान है…