गिद्धौर| थाना क्षेत्र के गांगपुर जामुन चौक स्थित पीतीज मोड़ में मंगलवार को बाइक दुर्घटना में दो लोग मामूली रूप से जख्मी हो गए। घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दो बाइक हजारीबाग की ओर से चतरा की ओर आ रही थीं। गांगपुर जामुन चौक पहुंचते ही आगे वाली बाइक का चालक अचानक पीतीज की ओर मुड़ गया। इससे पीछे से आ रहा एक अन्य बाइक सवार अनियंत्रित होकर आगे वाली बाइक से टकरा गया। इससे वह गिर गया। बाइक पर सवार दोनों व्यक्ति मामूली रूप से जख्मी हो गए। आगे वाली बाइक के सवार को कुछ नहीं हुआ। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायलों को उठाया गया। थोड़ी देर बाद दोनों व्यक्ति बाइक स्टार्ट कर चले गए। चतरा| जिले के विभिन्न इलाकों में मंगलवार सुबह करीब सात बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। चतरा, मयूरहंड, पत्थलगड़ा और प्रतापपुर समेत कई क्षेत्रों में लोगों ने धरती में कंपन महसूस किया। इसके बाद कुछ देर तक लोगों के बीच भूकंप को लेकर चर्चा होती रही। कई लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर अपने-अपने क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस होने की जानकारी ली। ग्रामीण इलाकों में भी लोगों ने कंपन महसूस होने की बात कही। हालांकि, कुछ देर बाद स्थिति सामान्य हो गई। राहत की बात यह है कि जिले के किसी भी प्रखंड से अब तक जान-माल के नुकसान की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। किसी के हताहत होने या मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना नहीं है। इटखोरी | इटखोरी में बक्सा पुल निर्माण और पुराने जर्जर पुल की मरम्मत की मांग को लेकर चार दिनों से चल रहा अनिश्चितकालीन, शांतिपूर्ण सत्याग्रह मंगलवार को स्थगित कर दिया गया। प्रशासन की ओर से बुधवार से दोनों पुलों पर काम शुरू कराने का आश्वासन मिलने के बाद आंदोलनकारियों ने फिलहाल विराम लिया। सत्याग्रह अधिवक्ता योगेन्द्र यादव के नेतृत्व में 21 नवंबर से बक्सा पुल के पास चल रहा था। मंगलवार को विधायक उज्ज्वल दास और जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी सत्याग्रह स्थल पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने आवागमन से जुड़ी समस्याएं सुनीं। इसके बाद उज्ज्वल दास ने उपायुक्त, चतरा से फोन पर बात की। उन्होंने निर्माण में हो रही देरी पर कार्रवाई की मांग की।उपायुक्त ने बताया कि पुल निर्माण में बाधा बन रहे रैयतों में अधिकांश को मुआवजा भुगतान हो चुका है। दो-तीन मामलों का भुगतान शेष है। इसे एक-दो दिन में पूरा करने की बात कही गई। प्रशासन ने बुधवार से नए बक्सा पुल का काम दोबारा शुरू कराने का भरोसा दिया। पुराने पुल की मरम्मत भी उसी दिन शुरू कराने का भरोसा दिया।
Source link