भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

गिरिडीह में हाथी ने युवक को कुचलकर मारा:सरिया में दो दिन में...




गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र में एक जंगली हाथी के हमले में 30 वर्षीय कौशर अंसारी की मौत हो गई। यह घटना सोमवार को गडैया गांव में हुई। पिछले दो दिनों में हाथी के हमले से यह दूसरी मौत है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सोमवार को कौशर अंसारी अपने घर के पास खेत में बांस काट रहे थे। इसी दौरान गांव के आसपास घूम रहे जंगली हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हाथी ने पहले युवक को सूंड से उठाकर जमीन पर पटका और फिर पैरों से कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। युवक की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भय व्याप्त है और लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हालांकि, ग्रामीणों ने मृतक के शव के साथ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने वन विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाकपा माले नेता और उप प्रमुख हरेन्द्र कुमार सिंह कर रहे थे। उन्होंने इस घटना को दुखद बताते हुए वन विभाग से तत्काल हाथी को आबादी क्षेत्र से खदेड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की। साथ ही, उन्होंने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता प्रदान करने की भी मांग की।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top