भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

घर में खुशबू वाले पौधे लगाने से क्या सांपों को मिलता है...


Last Updated:

Does Some Plants Attracts Snake: मानसून में सांप घरों की तरफ आने लगते हैं और कुछ मान्यताएं हैं कि खास तरह के पौधों की खुशबू उन्हें आकर्षित करती है. जब इस बारे में एक्सपर्ट से बात की गई तो उनका जवाब कुछ इस प्रकार था. साथ ही उन्होंने बताया कि सांप कहां और क्यों जाते हैं और बचाव के लिए क्या करना चाहिए.

ख़बरें फटाफट

पलामू. बरसात के मौसम में सांप से खतरा बढ़ जाता है. इस मौसम में सर्पदंश के मामले भी ज्यादा देखने को मिलते हैं. इस वजह से इस समय सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है. सांप बरसात के मौसम में छिपने वाली जगह की तलाश करते हैं. जहां एक ओर घर और बगीचे को हरा-भरा व आकर्षक बनाने के लिए लोग तरह-तरह के पेड़-पौधे लगाते हैं. वहीं बरसात के मौसम में यही घने और झाड़ीनुमा पौधे अनजाने में सांपों के लिए सुरक्षित ठिकाना बन सकते हैं. सोशल मीडिया पर अक्सर यह दावा किया जाता है कि कुछ पौधों की खुशबू से सांप आकर्षित होते हैं, लेकिन इस बारे में विशेषज्ञों का क्या कहना है, आइए जानते हैं.

पलामू जिले के सर्प विशेषज्ञ डॉ. डी. एस. श्रीवास्तव ने लोकल 18 को बताया कि सांप किसी पौधे या सुगंध से आकर्षित होते हैं, इसका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है. वास्तव में सांप किसी पौधे की सुगंध से नहीं, बल्कि उसके आसपास बनने वाले अनुकूल वातावरण की वजह से वहां पहुंचते हैं. जहां वे अपने लिए सुरक्षित स्थान बनाते हैं.

खुशबू नहीं, ठंडी और सुरक्षित जगह की होती है तलाश
उन्होंने कहा कि सांप शीत-रक्त (कोल्ड ब्लडेड) जीव हैं, इसलिए उनके शरीर का तापमान आसपास के वातावरण पर निर्भर करता है. गर्मी और उमस के दिनों में वे ऐसी जगह तलाशते हैं, जहां ठंडक, नमी और छिपने की पर्याप्त व्यवस्था हो. वहीं घने पौधों की छांव में धूप कम पहुंचती है, जिससे जमीन नम और ठंडी बनी रहती है. यही कारण है कि झाड़ीनुमा पौधों, सूखी पत्तियों और घास वाले क्षेत्रों में सांप अधिक दिखाई दे सकते हैं.

बरसात में बढ़ जाती है सांपों की सक्रियता
उन्होंने आगे कहा कि गर्मी के मौसम में कई सांप ‘एस्टिवेशन’ (गर्मी के दौरान निष्क्रिय रहने की अवस्था) में रहते हैं. जबकि मानसून शुरू होते ही वे भोजन और सुरक्षित स्थान की तलाश में बाहर निकलने लगते हैं. ऐसे समय में अगर घर के आसपास झाड़ियां, खरपतवार या कचरा जमा हो, तो सांपों के छिपने की संभावना बढ़ जाती है.

डॉ. डी. एस. श्रीवास्तव ने दूर किए भ्रम
विशेषज्ञ डॉ. डी. एस. श्रीवास्तव ने आगे कहा कि ऐसा कोई पौधा नहीं है, जिसकी खुशबू सांपों को आकर्षित करती हो. जैसे लेमनग्रास, बेला, चमेली, चंदन या अन्य सुगंधित पौधों से सांप आकर्षित होने की बातें केवल मिथक हैं और इनका कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है. सांप केवल ऐसी जगह चुनते हैं, जहां उन्हें सुरक्षित रूप से छिपने का मौका मिले.

सांपों से बचाव के आसान उपाय
वे बचाव के उपाय के बारे में बताते हैं कि अगर घर या बगीचे में सांपों के आने की आशंका कम करनी है, तो आसपास की झाड़ियों, खरपतवार और सूखी पत्तियों की नियमित सफाई करें. जमीन से लगभग 8 इंच ऊपर तक क्षेत्र को साफ रखें, ताकि कोई भी जीव आसानी से नजर आ सके. लकड़ी, ईंट, पत्थर या कबाड़ का अनावश्यक ढेर न लगने दें और बगीचे की नियमित देखभाल करें. साफ-सुथरा और खुला परिसर सांपों के छिपने की संभावना को काफी हद तक कम कर देता है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top