Last Updated:
कौन सी चीज किस काम के लिए उपयोगी और फायदेमंद है इस बारे में हमें जब तक जानकारी नहीं है तब वह चीज हमारे लिए बेकार है. आज हम आपको ऐसी ही एक बेकार हो चुकी चीज के फायदे बताने जा रहे हैं. हम आपको बताएंगे घर और किचन में पड़े सूखे नींबू के फायदे. ये सूखे नींबू आपके पेड़-पौधों और गमलों के लिए बहुत उपयोगी हैं यदि आपके गमले में चीटियां बहुत रहती हैं.
पलामू: रसोई में रखे-रखे अगर नींबू सूख गए हैं, तो उन्हें बेकार समझकर फेंकने की गलती बिल्कुल न करें. ये सूखे नींबू आपके गार्डन के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं. खासकर गुलाब, गुड़हल और मोगरा जैसे फूलों वाले पौधों की देखभाल में इनका इस्तेमाल किया जा सकता है. रसोई से निकलने वाले इस वेस्ट को सही तरीके से इस्तेमाल कर आप गार्डनिंग में जैविक विकल्प अपना सकते हैं. इसके लिए न तो महंगे खाद की जरूरत है और न ही किसी खास सामान की. आइए जानते हैं सूखे नींबू का इस्तेमाल करने का आसान तरीका. इस बारे में पलामू के नर्सरी संचालक और बागवानी के जानकार ने बताया कि गमले से चीटियों को दूर भगाने के लिए सूखे नीूंब का पाउडर बनाना होगा.
सूखे नींबू से बनाएं पाउडर
नर्सरी संचालक ने बताया कि सूखे नींबू का इस्तेमाल करने का सबसे आसान तरीका इसका पाउडर तैयार करना है. इसके लिए सबसे पहले नींबू को अच्छी तरह धूप में सुखा लें, ताकि उसमें बची हुई नमी भी खत्म हो जाए. इसके बाद छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिक्सर में इसे पीस लें. तैयार पाउडर को किसी सूखे और एयरटाइट डिब्बे में रखकर सुरक्षित रख सकते हैं. जरूरत के अनुसार इसका इस्तेमाल गमलों में किया जा सकता है. ध्यान रखें कि नींबू पर फफूंद न लगी हो और उसमें सड़न न हो.
मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने में मददगार
उन्होंने जानकारी दी कि नींबू में प्राकृतिक रूप से साइट्रिक एसिड पाया जाता है. हालांकि, सूखे नींबू का पाउडर डालने से मिट्टी का पीएच तुरंत संतुलित होने की गारंटी नहीं होती. इसका इस्तेमाल सीमित मात्रा में करना चाहिए. गुलाब और मोगरा जैसे पौधों के लिए मिट्टी की गुणवत्ता काफी मायने रखती है. इसलिए किसी भी जैविक सामग्री को मिट्टी में मिलाने से पहले उसकी जरूरत और मिट्टी का पीएच जानना बेहतर होता है.
चींटियों और कीड़ों से बचाव में उपयोगी
गमलों में कई बार चींटियां अपना घर बना लेती हैं. ऐसे में नींबू के छिलकों की खुशबू कुछ कीड़ों को दूर रखने में मदद कर सकती है. सूखे नींबू के छोटे टुकड़ों को मिट्टी की ऊपरी सतह पर रखा जा सकता है. हालांकि, इसे कीटनाशक का विकल्प नहीं समझना चाहिए. चींटियों की समस्या अधिक हो तो उनके आने का कारण और पौधों पर मौजूद एफिड जैसे कीटों की भी जांच करें.
गुलाब, गुड़हल और मोगरा में करें सीमित इस्तेमाल
अगर आपके गमलों में फूल कम आ रहे हैं या पौधों की बढ़वार रुक गई है, तो केवल नींबू का पाउडर डालना इसका समाधान नहीं है. पौधों को पर्याप्त धूप, सही पानी, अच्छी जल निकासी और संतुलित पोषण की जरूरत होती है. सूखे नींबू के पाउडर की थोड़ी मात्रा खाद के साथ मिलाकर इस्तेमाल कर सकते हैं. शुरुआत में एक छोटे गमले में इसका प्रयोग करें और पौधे की प्रतिक्रिया देखें. अधिक मात्रा में इस्तेमाल करने से मिट्टी की अम्लता बढ़ सकती है और जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है.
बता दें कि इस तरह रसोई में बेकार समझे जाने वाले सूखे नींबू का सीमित और सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करके आप गार्डनिंग में जैविक विकल्प अपना सकते हैं. बस ध्यान रखें कि किसी भी घरेलू नुस्खे को चमत्कारी खाद समझने के बजाय पौधों की वास्तविक जरूरत के अनुसार ही इस्तेमाल करें.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…