पचंबा थाना क्षेत्र के पैसरागढ़हा निवासी 70 वर्षीय इसराफिल अंसारी की मारपीट में गंभीर रूप से जख्मी होने के बाद रविवार सुबह 4:00 बजे रांची रिम्स में मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को गर थाना लाकर प्रदर्शन किया और मुख्य आरोपीकी शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह द्वारा जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के पुत्र अनवारुल हक के अनुसार, उनके पिता 5 अगस्त को कचहरी रोड आए थे। आरोप है कि डॉक्टर लेन के पास आरोपी और उसके पुत्र ने कोर्ट में गवाही देने की रंजिश को लेकर बुजुर्ग के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों से पिटाई कर दी। परिजनों का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने 10 हजार रुपए, नकद और कलाई घड़ी छीन ली थी। घटना को लेकर 6 अगस्त को पीड़ित ने नगर थाना में आवेदन भी दिया था। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को सदर अस्पताल लाया गया, जहां से स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने धनबाद रेफर कर दिया। धनबाद के असर्फी अस्पताल से भी स्थिति नाजुक होने पर उन्हें रांची रिम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
Source link