![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कुजू पुल से कूदकर एक 20 वर्षीय युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मंझारी थाना क्षेत्र के बुनुमलता गांव निवासी समीर कुंकल (20) के रूप में हुई है। यह घटना शनिवार को सामने आई। समीर इंटर की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह आईटीआई में नामांकन लेने की तैयारी कर रहा था। इसी उद्देश्य से वह सिकुरसाई में अपने एक मित्र के साथ किराए के मकान में रह रहा था। जानकारी के अनुसार, शनिवार को समीर ने कुजू पुल से नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय लोगों ने उसे नदी से बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बहन से की थी वीडियो कॉल पर बात परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल से कूदने से पहले समीर ने अपनी बड़ी बहन को वीडियो कॉल कर अपनी स्थिति की जानकारी दी थी। इसके कुछ देर बाद उसका संपर्क टूट गया और बाद में उसके नदी में कूदने की सूचना मिली। मृतक के दोस्तों ने बताया कि समीर का एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि वह युवती पिछले पांच दिनों से अपने घर से लापता थी। इस बीच युवती के परिजन उसकी तलाश करते हुए सिकुरसाई स्थित उस किराए के मकान तक पहुंच गए थे, जहां समीर रह रहा था। दोस्तों के अनुसार, इस घटना के बाद समीर काफी तनाव में रहने लगा था। आशंका जताई जा रही है कि सामाजिक दबाव, विवाद या संभावित परेशानी के डर से उसने यह कदम उठाया। हालांकि, पुलिस ने आत्महत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उसका कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद बुनुमलता गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है।
Source link