सिटी रिपोर्टर | बोकारो छठ महापर्व-2026 शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों से निपटने के लिए उपायुक्त अजय नाथ झा ने सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 के तहत जारी आदेश में सभी संबंधित पदाधिकारियों को छठ घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता, भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। डीसी ने छठ पूजा समितियों के साथ बैठक कर संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पहले से तैयारी करने को कहा है। घाटों की साफ-सफाई, पानी की गहराई के अनुसार सुरक्षा चिह्न लगाने और स्थानीय स्तर पर गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही घाटों पर प्रवेश और निकासी मार्ग के अलावा आपातकालीन वैकल्पिक रास्ते भी चिह्नित करने को कहा गया है। अत्यधिक भीड़ वाले घाटों पर एंबुलेंस और प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था रखने के साथ संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। अफवाह और भगदड़ की स्थिति रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने, घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने तथा शमियानों और पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का भी निर्देश दिया गया है।
Source link