Last Updated:
Jharkhand Student Protest Chirag Paswan Statement: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राजनीतिक दलों से छात्रों को बांटने से बचने की अपील की है. चिराग पासवान ने साफ-साफ संदेश दिया है कि छात्र अपनी समस्याओं को लेकर सड़क पर हैं और उनके मुद्दे को उसी रूप में देखा जाना चाहिए.
रांची में छात्रों पर लाठीचार्ज के बीच चिराग की अपील- ये छात्र हैं, इन्हें राजनीतिक खेमों में मत बांटिए
रांची. झारखंड की राजधानी रांची में सोमवार को विधानसभा कूच के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव, वॉटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज की स्थिति बनने के बाद चिराग ने कहा कि प्रदर्शन करने वाले छात्र हैं, बच्चे हैं और उनके आंदोलन को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने राज्य सरकार से छात्रों से बातचीत कर जल्द समस्या का समाधान करने की अपील की है. लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद चिराग पासवान ने झारखंड के छात्र आंदोलन पर कहा कि जब कहीं छात्र प्रदर्शन करते हैं तो उन्हें अलग-अलग राजनीतिक खेमों से जोड़ दिया जाता है. उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान विपक्षी दलों के नेता मंच पर पहुंचे थे, जबकि झारखंड में प्रदर्शन होने पर कोई इसे विदेशी फंडिंग से जोड़ रहा है तो कोई एनडीए से. चिराग ने राजनीतिक दलों से सवाल किया कि छात्रों को इस तरह बांटने की जरूरत क्यों है?
सरकार सीधे छात्रों से बात करे
चिराग पासवान ने कहा कि झारखंड में आंदोलन का समाधान राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि बातचीत से निकलना चाहिए. उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के मंत्री और मुख्यमंत्री को छात्रों से सीधे संपर्क करना चाहिए और उनकी समस्याओं को सुनना चाहिए. चिराग का यह बयान ऐसे समय आया है जब छात्रों और सरकार के बीच बातचीत के कई दौर के बावजूद मुख्य मांगों पर गतिरोध बना हुआ है. छात्र परीक्षा रद्द करने और कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच, खासकर CBI जांच, की मांग पर कायम हैं.
आज आंदोलन में आया बड़ा मोड़
बता दें कि सोमवार को छात्रों ने विधानसभा की ओर मार्च किया. प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा के लिए लगाए गए कई बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने वॉटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल किया. बाद में लाठीचार्ज भी हुआ. इस दौरान कुछ छात्रों के घायल होने की खबर है. हालांकि, बाद में छात्रों का हुजूम विधानसभा के गेट नंबर एक तक पहुंचने में सफल रहा. इसके बाद प्रशासन छात्रों से अपील करता रहा कि विधानसभा स्थगित कर दिया गया है इसलिए छात्र विधानसभा परिसर से चले जाएं. हालांकि खबर लिखे जानेत तक छात्र अपनी मांगों को लेकर डटे हुए थे.
रामविलास पासवान को भारत रत्न
इसी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में LJP रामविलास ने पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान को भारत रत्न देने की मांग का प्रस्ताव पारित किया. चिराग पासवान ने कहा कि उनके पिता के योगदान को देखते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया जाना चाहिए. पार्टी ने बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम को भी भारत रत्न देने की मांग की है. इसके अलावा राष्ट्रीय युवा आयोग और राष्ट्रीय किसान आयोग के गठन को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया गया.
यूपी और पंजाब को लेकर भी पार्टी का ऐलान
चिराग ने कहा कि LJP रामविलास उत्तर प्रदेश और पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी. दोनों राज्यों में पार्टी किस गठबंधन के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी, यह अभी स्पष्ट नहीं है. चिराग ने कहा कि गठबंधन का स्वरूप बाद में तय होगा, लेकिन पार्टी चुनाव जरूर लड़ेगी.
बांकीपुर नतीजे पर भी बोले चिराग
बांकीपुर के चुनाव परिणाम पर चिराग ने इसे सामूहिक जिम्मेदारी बताया. उन्होंने कहा कि अपेक्षा के अनुरूप परिणाम नहीं आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. संगठन और गठबंधन के सहयोगियों के बीच बेहतर समन्वय की गुंजाइश थी. उन्होंने देशभर में Gen Z को लेकर बने माहौल के असर को भी एक कारण बताया.
About the Author
पत्रकारिता क्षेत्र में 22 वर्षों से कार्यरत. प्रिंट, इलेट्रॉनिक एवं डिजिटल मीडिया में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन. नेटवर्क 18, ईटीवी, मौर्य टीवी, फोकस टीवी, न्यूज वर्ल्ड इंडिया, हमार टीवी, ब्लूक्राफ्ट डिजिट…
और पढ़ें