दुमका के रामगढ़ बाजार स्थित साप्ताहिक हाट में रविवार शाम हुए विवाद के बाद ग्रामीणों ने गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के सीरिया गांव निवासी विकास राय और रावण मुर्मू को धोबा गांव स्थित मांझी थान में रस्सी से बांधकर बंधक बना लिया। ग्रामीणों ने दोनों युवकों पर एक युवती से छेड़खानी का आरोप लगाया था। सोमवार दोपहर पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर दोनों को मुक्त कराया और उन्हें घर भेज दिया। ग्रामीणों के अनुसार, रविवार शाम साप्ताहिक हाट में दोनों युवक एक युवती के साथ छेड़खानी कर रहे थे। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और धोबा गांव ले जाकर मांझी थान में बांध दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब तक दोनों के परिजन नहीं आएंगे, तब तक उन्हें मुक्त नहीं किया जाएगा।सोमवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद रामगढ़ थाना पुलिस गांव पहुंची और ग्रामीणों से दोनों युवकों को मुक्त करने को कहा। शुरुआत में ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद गांव में पंचायती बुलाई गई। काफी देर तक चली बातचीत के बाद मामला शांत हुआ और दोनों युवकों को मुक्त कराकर घर भेज दिया गया। रामगढ़ थाना पुलिस के अनुसार, मामला छेड़खानी का नहीं, बल्कि साप्ताहिक हाट में शराब पीने के दौरान हुए विवाद का था। थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि शराब पीने के दौरान दोनों युवकों का कुछ ग्रामीणों से विवाद हो गया था। ग्रामीणों के आक्रोशित होने के बाद विवाद को छेड़खानी से जोड़ दिया गया, जिससे मामला बढ़ गया। उन्होंने बताया कि ग्रामीण इस बात पर अड़े थे कि दोनों युवकों के परिजन जुर्माना देंगे, तभी उन्हें मुक्त किया जाएगा। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया और कुछ राशि दिलाने का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
Source link