![]()
सिटी रिपोर्टर | बोकारो भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा बोकारो की ओर से गुरुवार को सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस की गई। इसमें आगामी जनजातीय गौरव दिवस एवं भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रमों को प्रत्येक जनजातीय जिले एवं आदिवासी विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके तहत 15 नवंबर को जिला स्तर पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। वहीं सभी मंडलों में श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने बताया कि 16, 17 एवं 18 नवंबर को विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा आदिवासी छात्रावासों में जाकर जनजातीय विद्यार्थियों के साथ संवाद किया जाएगा। इस दौरान भगवान बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, जनजातीय गौरव दिवस के महत्व तथा जनजातीय समाज के कल्याण के लिए केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य जनजातीय समाज के युवाओं को उनके गौरवशाली इतिहास एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। प्रेस कांफ्रेंस में जिला महामंत्री रामलाल सोरेन, एसटी मोर्चा के प्रदेश मंत्री आनंद मुर्मू, जिला एसटी मोर्चा अध्यक्ष रघुनाथ टुडू, जयनारायण मरांडी, दरबारी हेंब्रम, जितेंद्र नारायण मुर्मू, आनंद बेसरा, सहदेव मरांडी, कमलकांत मुर्मू, नंदकिशोर किस्कू, विक्की लोहरा, विभीषण चौधरी, एंजेला सिंह, प्रकाश कुमार, गजेंद्र बेसरा, अशोक दास, रामकुमार मांझी, ज्योतिलाल सोरेन, ललन टुडू आदि थे।
Source link