भास्कर न्यूज | दुमका सरैयाहाट थाना क्षेत्र में बालू के अवैध परिवहन के खिलाफ मंगलवार की शाम कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का मामला सामने आया है। घटना में पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास व पथराव किया गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मंगलवार की देर शाम थाने के एक पुलिस पदाधिकारी एक मामले के पर्यवेक्षण के सिलसिले में चिचहरा गांव गए थे। निरीक्षण के दौरान भलुआमोड़ के निकट दो बालू लदे ट्रैक्टर देवघर की ओर जाते हुए दिखाई दिए। दोनों ट्रैक्टरों को रोककर चालकों से बालू परिवहन संबंधी वैध कागजात की मांग की गई। लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद सरैयाहाट थाना को सूचना दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर थाना ले जाने का प्रयास कर रही थी, तभी बगदाहा गांव के रोहित यादव, अशोक यादव, सुधीर यादव व योगेंद्र यादव सहित अन्य लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए धमकी दी और अपने सहयोगियों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इसी दौरान रोहित यादव ने एक ट्रैक्टर को स्टार्ट कर पुलिस पदाधिकारी पर चढ़ाने का प्रयास किया। जबकि दूसरे ट्रैक्टर से पुलिसकर्मी नरेश महतो को कुचलने की कोशिश की गई। इसके बाद दोनों ट्रैक्टरों को तेज गति से भगा दिया। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। करीब चार किलोमीटर तक पीछा करने के दौरान एक ट्रैक्टर ने सड़क पर बालू गिरा दी। भागने के क्रम में मटिहानी दुर्गा मंदिर के समीप ट्रैक्टर गड्ढे में फंस गया, जबकि दूसरा चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
Source link