![]()
बिहार एसोसिएशन के 100 वर्ष पूरे होने पर आयोजित शताब्दी समारोह में लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के अभिनेता अशोक पाठक शामिल हुए। सीरीज में विनोद का किरदार निभाकर देशभर में पहचान बनाने वाले अशोक पाठक ने राजेंद्र विद्यालय ऑडिटोरियम में अपने जीवन के कई अनछुए पहलुओं को साझा किया। उन्होंने गांव से जुड़ाव, बचपन की यादों और अभिनय के संघर्षपूर्ण सफर के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इंसान दुनिया के किसी भी कोने में पहुंच जाए, उसकी जड़ें और संस्कार ही उसे पहचान से जोड़े रखते हैं। बिहारी जहां भी जाते हैं, अपनी संस्कृति और संस्कार साथ लेकर चलते हैं। कार्यक्रम का उद्घाटन आरएसबी ग्रुप के वाइस चेयरमैन एसके बेहरा और टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी ने एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन चौधरी, उपाध्यक्ष डॉ. एसके सिंह और कोषाध्यक्ष विवेकानंद के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। हर साल छठ पर गांव जरूर जाता हूं : अशोक पाठक अशोक पाठक ने बिहार के सीवान जिले में आंदर के समीप स्थित अपने पैतृक गांव से जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह हर साल छठ पूजा पर गांव जरूर जाते हैं। उनके पिता हरियाणा में नौकरी करते थे, लेकिन परिवार का गांव से रिश्ता हमेशा बना रहा। बाबा की यादें और गांव के लोगों का अपनापन आज भी उन्हें अपनी मिट्टी की ओर खींचता है। उन्होंने कहा कि मुंबई जैसे महानगर में कई बार पड़ोसियों तक से परिचय नहीं होता, जबकि गांव में टोले-मोहल्ले के लोगों के बीच गहरा आत्मीय संबंध रहता है। गांव का माहौल इंसान को मेहनती, सरल और मृदुभाषी बनाता है। अपने अभिनय के संघर्ष पर उन्होंने बताया कि जब काम की कमी थी, तब पंजाबी फिल्मों ने उन्हें सहारा दिया। इससे परिवार का भरण-पोषण करने में मदद मिली। उन्होंने दक्षिण भारतीय अभिनेता विजय सेतुपति के साथ काम करने का अनुभव भी साझा किया। ‘पंचायत’ के चौथे सीजन के संवाद ‘गरीब हैं, गद्दार नाहीं’ को उन्होंने ग्रामीण समाज की ईमानदारी और सच्चाई का प्रतीक बताया। जमशेदपुर के लोग हैं रियल इंडियंस : एसके बेहरा मुख्य अतिथि एसके बेहरा ने कहा कि जमशेदपुर के लोग वास्तविक अर्थों में ‘रियल इंडियंस’ हैं। यहां भाषा, सीमा और पहचान के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाता। उन्होंने शहर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और विविध संस्कृतियों का उल्लेख किया। साथ ही भगवान बुद्ध, महावीर, चाणक्य, चंद्रगुप्त मौर्य, डॉ. राजेंद्र प्रसाद और लोकनायक जयप्रकाश नारायण की विरासत को याद किया। उन्होंने बताया कि अपनी 25 वर्षीय बेटी के आग्रह पर उन्होंने ‘पंचायत’ वेब सीरीज देखी थी। प्रेमचंद की कहानियों के पाठक रहे बेहरा ने कहा कि सीरीज में उन्हें ग्रामीण जीवन की वही सहजता और जीवंतता देखने को मिली, जो प्रेमचंद की रचनाओं में मिलती है। फुलेरा गांव का परिवेश उन्हें खास तौर पर पसंद आया। उन्होंने ‘गरीब हैं… गद्दार नहीं हैं’ संवाद, सरपंच के घर खीर खाने और पानी की टंकी पर चाय पीने वाले दृश्यों का भी जिक्र किया। तीन शैक्षणिक संस्थान चला रहा बिहार एसोसिएशन एसोसिएशन के अध्यक्ष बीएन चौधरी ने संस्था की 100 वर्षों की यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था तीन शैक्षणिक संस्थानों का संचालन कर रही है, जहां कम शुल्क में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाती है। उपाध्यक्ष डॉ. एसके सिंह ने शताब्दी समारोह के तहत अगले 10 दिनों तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम में अशोक पाठक ने अपने किरदार भूषण का जिक्र करते हुए कहा कि किसी भी व्यवस्था में सवाल उठाने और जवाबदेही तय करने के लिए विपक्ष का होना जरूरी है। उनके संघर्ष और अनुभवों ने उपस्थित लोगों को प्रेरित किया। समारोह के माध्यम से बिहार की माटी, संस्कृति, भाषा और पहचान को सम्मान देने के साथ एसोसिएशन की गौरवशाली विरासत को भी याद किया गया।
Source link