Last Updated:
Jamshedpur First AI Health Checkup Machine: जमशेदपुर में झारखंड की पहली AI हेल्थ चेकअप मशीन Reach AI की शुरुआत हो गई है. इसे एसआरएच स्वास्थ्य सेवा में लगाया गया है. इससे 350 रुपये में कुछ मिनट में कई जांचें हो जाएंगी. साथ ही ऑनलाइन डॉक्टर कंसल्टेशन की सुविधा भी मिलेगी.
जमशेदपुर. आज के समय में बढ़ती बीमारियों और महंगे मेडिकल खर्चों के कारण नियमित स्वास्थ्य जांच करवाना हर व्यक्ति के लिए आसान नहीं रह गया है. कई लोग समय और पैसे की कमी के कारण अपने स्वास्थ्य की जांच नहीं करा पाते, जिससे छोटी समस्याएं भी बाद में गंभीर बीमारी का रूप ले लेती हैं. ऐसे लोगों के लिए अब जमशेदपुर में एक बड़ी सुविधा शुरू की गई है. शहर में पहली बार झारखंड की पहली AI आधारित हेल्थ चेकअप मशीन ‘Reach AI’ स्थापित की गई है, जो मात्र 350 रुपये में कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य जांच कुछ ही मिनटों में उपलब्ध करा रही है.
यहां हुआ है उद्घाटन
इस अत्याधुनिक मशीन का उद्घाटन और संचालन बामनगोड़ा स्थित हाउस नंबर-1, सालगाझरी केबिन के पास एसआरएच स्वास्थ्य सेवा (SRH Swasth Seva) में किया गया है. यह पूरी तरह डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीक पर आधारित हेल्थ स्क्रीनिंग सिस्टम है, जिसका उद्देश्य आम लोगों तक सस्ती और तेज स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है.
कुछ ही सेकेंड में मिल जाती है रिपोर्ट
इस बारे में जानकारी देते हुए टेक्नीशियन साहिल प्रकाश ने बताया कि मशीन में सबसे पहले व्यक्ति का डिजिटल रजिस्ट्रेशन किया जाता है. इसके बाद मशीन द्वारा हाइट, वेट और बॉडी मास इंडेक्स (BMI) की जांच की जाती है. अगले चरण में शरीर के कई महत्वपूर्ण पैरामीटर जैसे ब्लड प्रेशर, ब्लड ग्लूकोज, ऑक्सीजन लेवल (SpO2), बॉडी टेंपरेचर, हीमोग्लोबिन, फेफड़ों की कार्यक्षमता (Lung Health) और दूसरे स्वास्थ्य संकेतकों की जांच की जाती है. सबसे खास बात यह है कि इन सभी जांचों की रिपोर्ट कुछ ही सेकंड में स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाती है.
विशेषज्ञों से कंसल्टेशन भी मिलता है
साहिल प्रकाश ने बताया कि यह मशीन केवल जांच तक सीमित नहीं है. रिपोर्ट तैयार होने के बाद मरीज को देश के अनुभवी और विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन कंसल्टेशन की सुविधा भी प्रदान की जाती है. इससे लोगों को छोटी-बड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए लंबी कतारों में खड़े होने या दूर-दराज के अस्पतालों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती.
नियमित हेल्थ चेकअप से बच सकती हैं बीमारियां
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि नियमित हेल्थ चेकअप कई गंभीर बीमारियों का समय रहते पता लगाने में मदद करता है. डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर, एनीमिया और श्वसन संबंधी समस्याओं जैसी बीमारियों की शुरुआती पहचान होने पर उनका उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है. ऐसे में यह AI मशीन आम लोगों के लिए एक उपयोगी और किफायती विकल्प बनकर सामने आई है.
इतने में होगी जांच
तकनीक और स्वास्थ्य सेवाओं का यह अनोखा संगम जमशेदपुर में स्वास्थ्य जांच के क्षेत्र में एक नई शुरुआत माना जा रहा है. मात्र 350 रुपये में कई महत्वपूर्ण जांच और विशेषज्ञ डॉक्टरों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा मिलने से यह मशीन आने वाले दिनों में लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो सकती है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें