![]()
जमशेदपुर के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित मीरुडीह के गोविंदपुर में रविवार रात एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान राधिका स्वयान (32) के रूप में हुई है। घटना रात करीब 10 बजे हाट के पास हुई। राधिका घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में हमलावरों ने उसे घेर लिया। इसके बाद उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली। हमले में राधिका गंभीर रूप से घायल हो गई। वह सड़क पर लहूलुहान हालत में गिर पड़ी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना राधिका की सास बसंती सिंकू को दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचीं। पेट और गर्दन पर चाकू के तीन-चार निशान मौके पर पहुंची बसंती सिंकू ने राधिका को गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा देखा। उसके शरीर से खून निकल रहा था। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद ली। घायल महिला को टेंपो से तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राधिका के पेट और गर्दन के आसपास चाकू से हमले के तीन-चार निशान मिले हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि महिला पर चाकू के साथ पत्थर से भी हमला किया गया था। हालांकि, हमला किसने किया और वारदात के दौरान वहां कितने लोग मौजूद थे, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इन बिंदुओं पर जांच कर रही है। पति की मौत के बाद मजदूरी कर चलाती थी घर राधिका के पति का पहले ही निधन हो चुका था। पति की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी। वह ठेका मजदूरी में रेजा का काम करती थी। इसी से परिवार का भरण-पोषण करती थी। इसके अलावा वह घर में हड़िया बेचकर भी आमदनी करती थी। मेहनत-मजदूरी कर वह अपने परिवार का खर्च चलाती थी। उसकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद स्थानीय लोग भी स्तब्ध हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि राधिका रविवार को किसके साथ घर से हाट पहुंची थी। यह भी जांच की जा रही है कि घर लौटते समय उसके साथ किसी का विवाद हुआ था या हमले के पीछे कोई दूसरी वजह थी। पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी घटना की सूचना मिलने के बाद आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, मीरुडीह में महिला को चाकू और पत्थर से घायल किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद गश्ती वैन को मौके पर भेजा गया। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात को अंजाम देने के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण था। हालांकि, हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
Source link