Last Updated:
Jamshedpur Best Sunrise Spot: जमशेदपुर के पास घूमने खासकर सनराइज देखने के लिए यह जगह बहुत अच्छी है. हम बात कर रहे हैं तूरामडीह की नरवा पहाड़ी की. यह जगह मॉर्निंग ड्राइव, खूबसूरत सनराइज और देसी झारखंडी नाश्ते के लिए फेमस है. वीकेंड पर अच्छी भीड़ जुटती है.
जमशेदपुर. अक्सर लोग घूमने और सुकून के पल बिताने के लिए दूर-दराज की जगहों पर जाने की योजना बनाते हैं, लेकिन कई बार हमारे आसपास ही ऐसी खूबसूरत जगहें होती हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं. जमशेदपुर का तूरामडीह क्षेत्र भी ऐसी ही एक जगह है, जो इन दिनों लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. शहर की भीड़भाड़ और शोर से दूर यह इलाका प्रकृति प्रेमियों और मॉर्निंग ड्राइव पसंद करने वालों के लिए किसी जन्नत से कम नहीं है.
सनराइज की बात ही कुछ और है
टाटानगर रेलवे स्टेशन से करीब 4 से 5 किलोमीटर दूर स्थित तूरामडीह की नरवा पहाड़ी अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और शांत वातावरण के लिए जानी जाती है. यहां की सबसे खास बात पहाड़ी से दिखाई देने वाला खूबसूरत सनराइज है. सुबह 5 से 6 बजे के बीच यहां पहुंचने पर ठंडी और शुद्ध हवा, पक्षियों की आवाज और उगते सूरज का शानदार नजारा देखने को मिलता है. यह दृश्य लोगों को कुछ देर के लिए प्रकृति के बेहद करीब ले जाता है.
जलेबी जैसी सड़क भी आकर्षित करती है
पहाड़ी तक पहुंचने का रास्ता भी लोगों को खूब आकर्षित करता है. जलेबी की तरह घुमावदार सड़कें धीरे-धीरे पहाड़ी की ओर ऊपर जाती हैं, जो सफर को और रोमांचक बना देती हैं. बाइक और कार से आने वाले लोग इस रास्ते का खूब आनंद लेते हैं. सुबह के समय यहां का शांत माहौल और हरियाली लोगों को सुकून का एहसास कराती है.
देसी नाश्ता भी खास
सिर्फ प्राकृतिक नजारा ही नहीं, यहां मिलने वाला देसी नाश्ता भी लोगों को अपनी ओर खींचता है. पहाड़ी के आसपास ग्रामीण छोटे-छोटे स्टॉल लगाते हैं, जहां ताजे और स्वादिष्ट झारखंडी व्यंजन मिलते हैं. यहां आने वाले लोग गर्मागर्म गुलगुला, घुघनी, धुस्का, चना और वड़ा का स्वाद लेना नहीं भूलते. सुबह की ठंडी हवा के बीच देसी नाश्ते का मजा पूरे दिन को खास बना देता है.
मॉर्निंग ड्राइव, शुद्ध हवा, देसी नाश्ता
वीकेंड के दौरान यहां युवाओं, परिवारों और दोस्तों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है. कई लोग मॉर्निंग ड्राइव के लिए आते हैं, तो कई लोग सिर्फ प्रकृति के बीच कुछ शांत पल बिताने पहुंचते हैं. अगर आप भी जमशेदपुर में रहकर छोटी ड्राइव के साथ खूबसूरत नजारा, शुद्ध हवा और स्वादिष्ट देसी नाश्ते का आनंद लेना चाहते हैं, तो तूरामडीह की नरवा पहाड़ी आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकती है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें