Last Updated:
साहिबगंज से धनबाद जेल शिफ्टिंग के दौरान कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा पुलिस मुठभेड़ में ढेर हो गया. जामताड़ा में कैदी वैन पंचर होने के बाद उसने जवान की राइफल छीनकर भागने का प्रयास किया. उस पर हत्या और रंगदारी समेत 75 से अधिक मामले दर्ज थे. वहीं, पाकिस्तान कनेक्शन भी सामने आया था.
गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की फाइल फोटो
जामताड़ा/रांची: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई है. यह घटना जामताड़ा थाना क्षेत्र के केंदबोना जंगल के पास हुई. सुजीत सिन्हा को साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था. इसी दौरान विकास दुबे स्टाइल में उसका एनकाउंटर हो गया.
कैदी वैन पंचर होने के बाद भागने की कोशिश
पुलिस के अनुसार रास्ते में पुलिस की कैदी वैन पंचर हो गई. वैन रुकते ही सुजीत सिन्हा ने मौके का फायदा उठाया. उसने एक पुलिस जवान की राइफल छीनकर भागने का प्रयास किया. पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं. इस मुठभेड़ में सुजीत सिन्हा गंभीर रूप से घायल हो गया. बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
इलाका सील, FSL टीम जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही जामताड़ा के एसपी शंभू कुमार सिंह और एसडीओ अनंत कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. साहिबगंज, गोड्डा और जामताड़ा के कई डीएसपी और थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है.
रांची से फॉरेंसिक की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटा रही है. सुरक्षा के लिहाज से गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे को पोसोई मोड़ से सतसाल बाईपास तक सील कर दिया गया है. मीडिया को भी घटनास्थल से 100 मीटर दूर रोक दिया गया है. एफएसएल जांच पूरी होने के बाद ही शव को मौके से हटाया जाएगा.
75 से ज्यादा मामले थे दर्ज, पाकिस्तान कनेक्शन भी आया था सामने
गैंगस्टर सुजीत सिन्हा झारखंड के सबसे सक्रिय संगठित अपराधियों में से एक था. उस पर हत्या, रंगदारी, लेवी और आर्म्स एक्ट समेत करीब 75 से अधिक गंभीर मामले दर्ज थे. उसका आपराधिक नेटवर्क पलामू, गढ़वा, लातेहार, रांची, धनबाद और चतरा तक फैला हुआ था.
हाल ही में रांची पुलिस ने सुजीत सिन्हा और धनबाद के गैंगस्टर प्रिंस खान के बीच गठजोड़ का पर्दाफाश किया था. जांच में इस नेटवर्क का पाकिस्तान कनेक्शन भी सामने आया था. फिलहाल पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जानकारी जल्द ही प्रेस वार्ता में दी जाएगी.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें