भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

झारखंड में अब भी 32% कम बारिश:10 जुलाई से 4 डिग्री तक...




रांची समेत पूरे झारखंड में पिछले 48 घंटे से जारी झमाझम बारिश का दौर फिलहाल थम गया है। मंगलवार दोपहर बाद राजधानी रांची सहित कई जिलों में मौसम साफ हुआ और धूप खिली हुई निकली। जबकि शाम में फिर हल्की फुहारें दर्ज की गईं। हालांकि बीते 24 घंटे के आंकड़ों पर नजर डालें तो कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई है। रामगढ़ क्षेत्र में सबसे अधिक 96.3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, वहीं रांची में 45 मिमी, जमशेदपुर में 40.6 मिमी, बोकारो थर्मल में 75.6 मिमी और पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में 42.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब आगे बढ़ चुका है, जिससे फिलहाल बारिश में कमी आई है। 10 जुलाई से बदलेगा मौसम, 4 डिग्री तक चढ़ेगा पारा मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 10 जुलाई से राज्य के मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण रांची समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया था। रांची का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम है। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सरायकेला में रिकॉर्ड हुआ। न्यूनतम तापमान की बात करें तो रांची के कांके में 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। 11 से फिर सक्रिय होगा मानसून, यलो अलर्ट मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 11 जुलाई से झारखंड में एक बार फिर तेज बारिश का दौर लौट सकता है। राज्य के अधिकांश जिलों में 13 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसे लेकर सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम केंद्र का कहना है कि मानसूनी ट्रफ और अरब सागर से मिल रही नमी के कारण अगले चार दिनों तक मानसून सक्रिय बना रहेगा। हालांकि पूरे राज्य में एक साथ बारिश नहीं होगी, बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों में इसका असर अलग-अलग रूप में देखने को मिलेगा। अब तक 172.5 मिमी बारिश हुई रिकॉर्ड एक जून से सात जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार झारखंड में अब तक कुल 172.5 मिमी वर्षा हुई है, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 255.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी। इस तरह राज्य में अब भी करीब 32 प्रतिशत वर्षा की कमी बनी हुई है। सबसे ज्यादा कमी गोड्डा में 77 प्रतिशत है। गढ़वा में 67 प्रतिशत, चतरा में 65 प्रतिशत और पाकुड़ में 64 प्रतिशत दर्ज की गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से इस कमी में कुछ हद तक सुधार हो सकता है, लेकिन फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य होने में समय लगेगा।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top