![]()
झारखंड में मौसम का मिजाज अगले दो दिनों तक बदला-बदला रहेगा। आज भी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि, कोल्हान के मौसम में अपेक्षाकृत बदलाव देखने को मिल सकता है। 24 नवंबर से आसमान साफ होने का अनुमान है। इसके बाद दिन में धूप खिलेगी, लेकिन सुबह के समय 28 नवंबर तक हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रह सकता है। मौसम साफ होने के साथ ही ठंड का असर भी बढ़ेगा। अगले 24 घंटों के बाद न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे सुबह और रात के समय कनकनी बढ़ सकती है। दक्षिणी झारखंड में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज कोल्हान और आसपास के दक्षिणी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। वहीं, सोमवार को राज्य के दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और इससे सटे मध्य भागों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में मौसम धीरे-धीरे सामान्य होगा। 24 से 28 नवंबर तक सुबह में कोहरे का प्रभाव रहेगा, जबकि दिन में आसमान साफ रहने की उम्मीद है। पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के लगभग सभी स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। इस दौरान कोडरमा में सबसे अधिक 54 मिमी बारिश हुई। वहीं, रांची में शाम 5.30 बजे तक 4.1 मिमी, लातेहार में दो मिमी और खूंटी में करीब एक मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। खराब मौसम का विमान परिचालन पर असर राजधानी रांची में रविवार को खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला। विभिन्न राज्यों में मौसम खराब रहने के कारण रांची आने वाली नौ उड़ानें निर्धारित समय से विलंब से पहुंचीं। वहीं, इंडिगो की कोलकाता-रांची उड़ान रद्द कर दी गयी। उड़ानों के विलंब और रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इंडिगो की दिल्ली-रांची उड़ान सुबह 7.15 बजे के बजाय 10.18 बजे पहुंची, जबकि पुणे-रांची उड़ान 7.30 बजे की जगह 10.03 बजे आयी। कोलकाता-रांची की एक उड़ान सुबह 8.15 बजे के बजाय 9.08 बजे पहुंची। एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-रांची उड़ान भी 9.30 बजे की जगह 9.50 बजे पहुंची। इसके अलावा इंडिगो की कोलकाता-रांची उड़ान सुबह 11.45 बजे के बजाय दोपहर 1.18 बजे रांची पहुंची। दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद की उड़ानें भी हुईं प्रभावित विमानों के विलंब से पहुंचने का सिलसिला दोपहर और शाम तक जारी रहा। इंडिगो की दिल्ली-रांची उड़ान दोपहर 1 बजे के बजाय 1.27 बजे, मुंबई-रांची उड़ान 1.30 बजे की जगह 1.52 बजे और दिल्ली-रांची की एक अन्य उड़ान शाम 4.50 बजे के बजाय 5.14 बजे पहुंची। वहीं, हैदराबाद-रांची उड़ान रात 8.25 बजे के निर्धारित समय की जगह 8.45 बजे रांची पहुंची। इस तरह नौ उड़ानें विलंब से पहुंचीं, जबकि एक उड़ान रद्द रही। एयरपोर्ट ऑथरिटी के अनुसार दूसरे राज्यों में मौसम खराब होने का असर विमान परिचालन पर पड़ा। इसके कारण उड़ानों के निर्धारित समय में बदलाव करना पड़ा। मौसम में सुधार के बाद विमान परिचालन सामान्य होने की उम्मीद है।
Source link