Last Updated:
झारखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने राहत की चेतावनी जारी की है. पलामू 44.6°C के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं रांची में पारा 40.8°C दर्ज किया गया. आज से 28 अप्रैल तक कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और 60 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट है.

झारखंड वेदर अपडेट
रांची: झारखंड की राजधानी रांची सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से अब राहत मिलने के आसार नजर आ रहे हैं. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 26 अप्रैल से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा, जिससे बढ़ते तापमान पर लगाम लगेगी. 26 से 28 अप्रैल के बीच झारखंड के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ ओलावृष्टि, वज्रपात (बिजली गिरना) और तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना जताई गई है, जो तपती गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए सुकून भरी खबर है.
तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
- मौसम विभाग ने 26 अप्रैल से लेकर 1 मई तक के लिए ‘येलो’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है. विशेष रूप से 27 और 28 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में मौसम काफी आक्रामक रह सकता है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की उम्मीद है. संताल परगना के जिलों के साथ-साथ रांची, बोकारो, धनबाद और रामगढ़ में बारिश और ओलावृष्टि को लेकर विशेष चेतावनी दी गई है. इसके बाद भी 1 मई तक आंधी-बारिश का सिलसिला रुक-रुक कर जारी रहने का अनुमान है.
पलामू में 44.6 डिग्री के साथ झुलसाने वाली गर्मी
- पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो राज्य के कई जिलों में पारा रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है. शनिवार को पलामू 44.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा, जहाँ भीषण लू ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. राजधानी रांची में भी तापमान 40.8 डिग्री दर्ज किया गया, जिसने गर्मी के पुराने रिकॉर्ड को चुनौती दी. इसके अलावा बोकारो में 41.2, सरायकेला में 42.6 और कोडरमा में पारा 41.6 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा.
तापमान में आएगी 3 डिग्री तक की गिरावट
- राहत की बात यह है कि आगामी बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण अगले पांच दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है. शनिवार को जो रांची 41 डिग्री के करीब तप रही थी, वहां अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है. संताल परगना के गोड्डा समेत कुछ इलाकों में शनिवार दोपहर हुई हल्की बारिश ने पहले ही माहौल को थोड़ा ठंडा कर दिया है, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को आंशिक राहत मिली है.
इन जिलों में खराब रह सकता है मौसम
- मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस मौसमी बदलाव का सबसे ज्यादा असर देवघर, दुमका, गिरिडीह, पाकुड़, जामताड़ा, गोड्डा और साहेबगंज जैसे जिलों में देखने को मिलेगा. साथ ही रांची, रामगढ़, गुमला, हजारीबाग और धनबाद में भी आंधी-पानी की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है. विशेषकर किसानों को कटी हुई फसल और मवेशियों को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज हवाओं और ओलों से नुकसान की आशंका है.